कुएं में गिरे नंदी महाराज को गौ सेवक कल्लू महाराज ने बचाया, किसानों से की कुओं की बाउंड्री कराने की भावुक अपील

न्यूज़ चाचा का धमाका

जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी ।

समाचार 

कुएं में गिरे नंदी महाराज को गौ सेवक कल्लू महाराज ने बचाया, किसानों से की कुओं की बाउंड्री कराने की भावुक अपील।

पिछोर क्षेत्र में मानवता, गौसेवा और जागरूकता का एक प्रेरणादायक उदाहरण उस समय देखने को मिला जब एक नंदी महाराज अचानक गहरे कुएं में गिर गए। घटना की सूचना मिलते ही समाजसेवी एवं गौ सेवक कल्लू महाराज तत्काल मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के सहयोग से करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद नंदी महाराज को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस सराहनीय कार्य की पूरे क्षेत्र में प्रशंसा हो रही है।

जानकारी के अनुसार नंदी महाराज पानी की तलाश में खेतों की ओर पहुंचे थे, तभी खुले और बिना सुरक्षित बाउंड्री वाले कुएं में गिर गए। कुआं काफी गहरा था, जिससे बड़ी अनहोनी होने की आशंका बनी हुई थी। ग्रामीणों ने तुरंत गौ सेवक कल्लू महाराज को सूचना दी। सूचना मिलते ही वे बिना देर किए मौके पर पहुंचे और गांव के लोगों को साथ लेकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

काफी प्रयासों के बाद चारपाई और रस्सियों की मदद से नंदी महाराज के पैरों को सावधानीपूर्वक बांधकर उन्हें धीरे-धीरे ऊपर खींचा गया। करीब एक घंटे की मेहनत के बाद नंदी महाराज को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि उन्हें किसी प्रकार की गंभीर चोट नहीं आई और सुरक्षित बाहर आने के बाद वे धीरे-धीरे आगे बढ़ गए। इस दौरान मौजूद ग्रामीणों ने गौ सेवक कल्लू महाराज और उनकी टीम की जमकर सराहना की।

गौ सेवक कल्लू महाराज ने इस घटना को केवल एक पशु बचाव नहीं, बल्कि समाज के लिए बड़ा संदेश बताया। उन्होंने किसानों से भावुक अपील करते हुए कहा कि खेतों में बने कुओं की मजबूत और ऊंची बाउंड्री अवश्य कराई जाए। कई बार कुएं जमीन के समान दिखाई देते हैं और प्यासे पशु-पक्षी पानी समझकर वहां पहुंच जाते हैं, लेकिन गहराई अधिक होने के कारण वे उसमें गिर जाते हैं। यह केवल पशुओं के लिए ही नहीं बल्कि इंसानों और बच्चों के लिए भी बड़ा खतरा है।

उन्होंने कहा कि “आज नंदी महाराज कुएं में गिरे थे, कल किसी का बच्चा भी गिर सकता है। इसलिए समय रहते सभी किसान भाई सावधानी बरतें और कुओं की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करें।” साथ ही उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि यदि लापरवाही के कारण भविष्य में पशुओं की जान जाती है तो मजबूरी में प्रशासनिक कार्रवाई की मांग भी करनी पड़ सकती है।

गौ सेवक कल्लू महाराज ने शिवपुरी कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा से भी मांग की है कि जिले में ऐसा आदेश जारी किया जाए, जिससे सभी किसान अपने खेतों के कुओं की अनिवार्य रूप से बाउंड्री कराएं। साथ ही उन्होंने सभी लोगों से पशु-पक्षियों के लिए पानी की टंकियां और परिंडे रखने की अपील करते हुए “गौ माता को पानी पिलाओ, जीवन बचाओ” अभियान चलाने का संदेश दिया।

उन्होंने अंत में कहा कि “एक नंदी की जान बचाना हजार यज्ञ करने के बराबर पुण्य का कार्य है।” यह घटना केवल एक बचाव अभियान नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने वाला प्रेरणादायक संदेश बन गई है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने