न्यूज़ चाचा का धमाका
जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी
समाचार
कलेक्टर ने ग्राम सिंहनिवास में रुकवाया व्यर्थ जल बहाव, दिया जल संरक्षण का संदेश।हर बूंद है कीमती” कलेक्टर की अपील, जल बचाकर भविष्य सुरक्षित बनाने का आह्वान।
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा ने आज शिवपुरी जिले के ग्राम सिंहनिवास के भ्रमण के दौरान जल संरक्षण के प्रति अनुकरणीय संवेदनशीलता का परिचय दिया। निरीक्षण के दौरान जब उन्होंने कुछ स्थानों पर पानी को व्यर्थ बहते देखा, तो उन्होंने तत्काल संज्ञान लेते हुए स्वयं मौके पर हस्तक्षेप कर जल बहाव को बंद करवाया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों से संवाद कर जल के महत्व को रेखांकित किया तथा जिम्मेदारीपूर्वक इसके उपयोग के लिए प्रेरित किया।
अपील
कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने जिले के सभी नागरिकों से आग्रह किया है कि वे जल का दुरुपयोग न करें, अनावश्यक रूप से पानी बहाने से बचें तथा “जल है तो कल है” के संदेश को आत्मसात करते हुए जल संरक्षण को अपनी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति की छोटी-सी पहल भी बड़े परिवर्तन का आधार बन सकती है और सामूहिक प्रयासों से ही हम अपने भविष्य को सुरक्षित कर सकते हैं।
