नेशनल लोक अदालत को सफल एवं परिणामोन्मुख बनाने के लिए समन्वय बैठक आयोजित।

न्यूज़ चाचा का धमाका

जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी 

समाचार

नेशनल लोक अदालत को सफल एवं परिणामोन्मुख बनाने के लिए समन्वय बैठक आयोजित।

शिवपुरी, 28 अप्रैल 2026/ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के आदेशानुसार एवं राजेंद्र प्रसाद सोनी, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, शिवपुरी के कुशल मार्गदर्शन में 09 मई 2026 को जिला शिवपुरी में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जाना सुनिश्चित किया गया है। इस महत्वपूर्ण आयोजन का उद्देश्य विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित एवं प्री-लिटिगेशन प्रकरणों का त्वरित, सुलभ एवं आपसी सहमति के आधार पर निराकरण कर आमजन को शीघ्र न्याय उपलब्ध कराना है।

उक्त नेशनल लोक अदालत को सफल एवं परिणामोन्मुख बनाने के लिए नगर पालिका, विभिन्न बैंकों तथा विद्युत विभाग से संबंधित प्री-लिटिगेशन प्रकरणों के अधिकाधिक निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज एडीआर भवन, शिवपुरी में एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए रंजना चतुर्वेदी, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, शिवपुरी द्वारा उपस्थित अधिकारियों को नेशनल लोक अदालत के महत्व, उपयोगिता एवं इससे आमजन को होने वाले लाभों के संबंध में विस्तारपूर्वक अवगत कराया गया। उन्होंने बताया कि लोक अदालत के माध्यम से प्रकरणों का निराकरण न केवल शीघ्र होता है, बल्कि इसमें समय एवं धन की भी बचत होती है तथा पक्षकारों के मध्य आपसी सौहार्द बना रहता है।

बैठक के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ प्री-लिटिगेशन प्रकरणों की पहचान, संकलन एवं उनके त्वरित निराकरण के संबंध में विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। सचिव द्वारा सभी विभागों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने विभाग से संबंधित अधिक से अधिक उपयुक्त प्रकरणों का चयन कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को उपलब्ध कराएं।

इसके अतिरिक्त यह भी निर्देशित किया गया कि चयनित प्रकरणों में संबंधित पक्षकारों को समय पर नोटिस तामील कराना सुनिश्चित किया जाए तथा उन्हें लोक अदालत के माध्यम से विवाद के सौहार्दपूर्ण समाधान हेतु प्रेरित किया जाए। बैठक में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करें, जिससे अधिक से अधिक प्रकरणों का निराकरण संभव हो सके।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने