न्यूज़ चाचा का धमाका
जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी
समाचार
ओलम्पियाड सत्र 2025-26
जिले के 32 प्रतिभाशाली विद्यार्थी हुए सम्मानित।
शिवपुरी, 28 अप्रैल 2026/ जिले के 32 प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने सम्मानित किया और बच्चों की हौसला अफजाई करते हुए कहा कि आप देश का भविष्य हो। इसी तरह पूरी लगन से लगातार मेहनत करते रहो और जिस क्षेत्र में रुचि है उसमें अपना बेहतर प्रयास करके आगे बढ़ो।
उल्लेखनीय है कि ओलम्पियाड सत्र 2025-26 के अंतर्गत प्रदेश के समस्त शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों हेतु प्रथम चरण की परीक्षा 04 नवम्बर 2025 को आयोजित की गई थी। उक्त प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रत्येक कक्षा एवं विषय के जिले के प्रथम स्थान प्राप्त 32 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उनके अभिभावकों एवं मार्गदर्शक शिक्षकों के साथ मंगलवार को कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा द्वारा सम्मानित किया गया।
इस प्रतियोगिता में राज्य शिक्षा केंद्र के अंतर्गत अध्ययनरत कक्षा 2 से 8 तक के कुल 41,427 विद्यार्थियों का जनशिक्षा केन्द्र स्तर पर पंजीयन किया गया, जिनमें से 34,872 विद्यार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए।
प्रथम चरण के उपरांत प्रत्येक जनशिक्षा केन्द्र से कक्षावार एवं विषयवार चयनित विद्यार्थियों के लिए द्वितीय चरण जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 16 एवं 17 जनवरी 2026 को विकासखण्ड मुख्यालयों पर किया गया। इस प्रतियोगिता में कुल 5,149 चयनित विद्यार्थियों में से 4,875 विद्यार्थियों ने सहभागिता की।
ओलम्पियाड के अंतर्गत कक्षानुसार विषय निर्धारित किए गए थे, जिनमें कक्षा 2 एवं 3 के लिए हिंदी, अंग्रेजी एवं गणित, कक्षा 4 एवं 5 के लिए हिन्दी, अंग्रेजी, गणित एवं पर्यावरण अध्ययन तथा कक्षा 6 से 8 के लिए हिन्दी, अंग्रेजी, संस्कृत, विज्ञान, गणित एवं सामाजिक विज्ञान शामिल रहे। इसमें बदरवास के 13, करेरा के 05, खनियाधाना 07, नरवर 03, शिवपुरी 03 और पिछोर से एक छात्र शामिल हुआ।बच्चों को स्कूल बैग ड्रेस और शील्ड प्रदान की गई।

