न्यूज चाचा का धमाका
जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी
समाचार
1 मई से शुरू होगा जनगणना का दूसरा चरण प्रगणक सही एचएलओ एप से करें एंट्री, वी.सी. में जनगणना निदेशक ने दिए निर्देश।
प्रदेश में 5.80 लाख से अधिक सेल्फ एन्यूमरेशन फॉर्म भरे गए।
शिवपुरी, 30 अप्रैल 2026/ जनगणना कार्य के आगामी चरण की तैयारियों को लेकर गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनगणना निदेशक मध्यप्रदेश संजीव श्रीवास्तव द्वारा प्रदेश के सभी चार्ज अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली गई। बैठक में 1 मई से प्रारंभ होने वाले जनगणना कार्य के संबंध में विस्तृत निर्देश जारी किए गए।
जनगणना निदेशक मध्यप्रदेश संजीव श्रीवास्तव द्वारा निर्देश दिए गए कि सभी प्रगणक 1 मई से जनगणना के सही एचएलओ एप को डाउनलोड कर मकानों की एंट्री प्रारंभ करें। सभी जनगणना पर्यवेक्षक 5 मई तक डाटा सिंक करने का कार्य प्रारंभ करें। प्रगणकों को 5 मई तक 10 प्रतिशत एवं 10 मई तक 40 प्रतिशत कार्य पूर्ण करना अनिवार्य है। सभी चार्ज अधिकारी जनगणना पोर्टल पर स्वयं लॉगिन कर व्यवस्थाओं को अच्छी तरह देख लें। एप लॉगिन संबंधी समस्याओं का समाधान चार्ज स्तर पर ही किया जाएगा।
उन्होंने सभी चार्ज अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में जनगणना कार्य के दौरान समय-समय पर भ्रमण कर जायजा लेने के निर्देश दिए। वी.सी. में बताया गया कि प्रदेश में सेल्फ एन्यूमरेशन का कार्य सराहनीय रहा है। अब तक 5.80 लाख से अधिक सेल्फ एन्यूमरेशन फॉर्म भरे जा चुके हैं। शत-प्रतिशत सेल्फ एन्यूमरेशन कार्य पूर्ण कराने वाले प्रगणकों को पुरस्कृत कर प्रोत्साहित भी किया जाएगा। साथ ही जनगणना के प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर देते हुए कहा गया कि लोगों को जागरूक किया जाए, ताकि किसी प्रकार का भ्रम या भ्रांति न फैले।
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने निर्देशित किया कि पहले दिन ही लॉगिन कर कार्य प्रारंभ कर पूर्ण करने पर विशेष बल दिया जाए, ताकि अभियान समयबद्ध और प्रभावी तरीके से संपन्न हो सके।
इस वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा, एडीएम दिनेश चंद्र शुक्ला, जिला जनगणना अधिकारी पीयूष पवार सहित चार्ज अधिकारी उपस्थित थे।

