न्यूज चाचा का धमाका
समाचार
महिलाओं को आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रोत्साहन ।शिवपुरी, 07 अप्रैल 2026/ राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के सहयोग से अदाणी फाउंडेशन द्वारा आयोजित सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत आज आजीविका भवन में प्रशिक्षण प्राप्त महिलाओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम का आयोजन आजीविका केंद्र कोलारस में किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव एवं विशेष अतिथि के रूप में जनपद पंचायत कोलारस के अध्यक्ष श्री चौहान उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिला परियोजना प्रबंधक (आजीविका मिशन) डॉ.अरविंद भार्गव एवं अदाणी फाउंडेशन के प्रोजेक्ट मैनेजर अजीत जैन, आजीविका मिशन के ब्लॉक मैनेजर श्री संजय चौहान, प्रशिक्षण टीम के सदस्य एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक भी शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान डॉ.अरविंद भार्गव ने महिलाओं को संबोधित करते हुए बताया कि अदाणी फाउंडेशन द्वारा स्थापित की जा रही फैक्ट्री के माध्यम से स्थानीय महिलाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे, जिसमें स्वयं सहायता समूहों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। उन्होंने महिलाओं को कौशल विकास के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव ने अपने संबोधन में कहा कि अदाणी फाउंडेशन द्वारा जिले में महिलाओं के उत्थान, कौशल उन्नयन एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न प्रयास किए जा रहे हैं, जो सराहनीय हैं।
ग्राम बूढ़ा डोंगर में अदाणी फाउंडेशन द्वारा प्रशिक्षण एवं उत्पादन केंद्र का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिसके लिए महिलाओं को इंडस्ट्रियल मशीनों पर सिलाई का प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। वर्तमान वर्ष में कोलारस केंद्र पर अब तक 113 स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। अंत में प्रशिक्षण प्राप्त महिलाओं को प्रमाण पत्र वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
