न्यूज़ चाचा का धमाका
जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी
समाचार
सेवा संकल्प अभियान’ के तहत शासकीय आईटीआई खनियाधाना में करियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित।
85 आवेदक हुए लाभान्वित; करियर मार्गदर्शन के साथ-साथ दिलाई गई नशामुक्ति की शपथ।
शिवपुरी, 09 अक्टूबर 2026/ ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार कौशल विकास एवं रोजगार विभाग द्वारा शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) खनियाधाना में एक दिवसीय करियर काउंसलिंग एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला रोजगार अधिकारी श्री बी.एस. मीणा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
शासकीय आईटीआई खनियाधाना के प्राचार्य श्री रवींद्र शोहरे ने बताया कि आयोजित करियर मार्गदर्शन सत्र में शिवपुरी से आए विषय विशेषज्ञ श्री अनिल वर्मा ने उपस्थित युवाओं को संबोधित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को उनकी व्यक्तिगत रुचि, दक्षता और क्षमताओं के आधार पर सही करियर क्षेत्र चुनने के संबंध में उपयोगी टिप्स दिए। इसके साथ ही उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी तथा रोजगार के नए अवसरों से संबंधित विविध जानकारियां भी साझा कीं।
सत्र के दौरान उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली और उज्ज्वल भविष्य के लिए नशामुक्त रहने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों को जीवन में कभी भी नशा न करने की नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के माध्यम से कुल 85 आवेदकों को प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित किया गया।
कार्यक्रम के सफल संचालन में शासकीय आईटीआई खनियाधाना का समस्त शैक्षणिक एवं प्रशासकीय स्टाफ उपस्थित रहा। विभाग द्वारा युवाओं के कौशल विकास और करियर मार्गदर्शन हेतु इस प्रकार के आयोजनों को निरंतर जारी रखने की बात कही गई।
