कृषि विज्ञान केंद्र शिवपुरी द्वारा आयोजित किया गया मूंगफली प्रक्षेत्र दिवस।

न्यूज़ चाचा का धमाका 

जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी 

समाचार 

कृषि विज्ञान केंद्र शिवपुरी द्वारा आयोजित किया गया मूंगफली प्रक्षेत्र दिवस।


खनियाधाना विकासखंड के ग्राम दवियाकलां में कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को दी उन्नत किस्मों की जानकारी।

शिवपुरी, 15 अक्टूबर 2026/ भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद नई दिल्ली से वित्त पोषित क्लस्टर अग्रिम पंक्ति प्रदर्शन (तिलहन) योजना के अंतर्गत खरीफ 2026 में मूंगफली की उन्नत किस्म के-1812 (कदारी लेपाक्षी) पर आधारित फसल प्रदर्शन हेतु प्रक्षेत्र दिवस का आयोजन किया गया। कृषि विज्ञान केंद्र शिवपुरी के केंद्र प्रमुख डॉ. पुनीत कुमार के मार्गदर्शन में गतदिवस यह विशेष कार्यक्रम विकासखंड खनियाधाना के ग्राम दवियाकलां में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के दौरान परियोजना के प्रभारी डॉ. प्रशांत कुमार गुप्ता ने कृषकों को मूंगफली की किस्म के-1812 (कदारी लेपाक्षी) के प्रमुख लक्षणों, रोग प्रतिरोधक क्षमता एवं उसकी उत्पादकता के बारे में विस्तार से समझाया। साथ ही उन्होंने किसानों को रबी 2026-27 में ली जाने वाली विभिन्न फसलों के उत्पादन की आधुनिक तकनीकों से अवगत कराया तथा उद्यानिकी फसलों को अपनाकर फसल विविधीकरण करने की सलाह दी।

सैद्धांतिक जानकारी के उपरांत किसानों को खेतों में ले जाकर प्रदर्शन प्रक्षेत्रों का भ्रमण कराया गया, जहाँ उन्होंने मूंगफली की के-1812 (कदारी लेपाक्षी) किस्म की फसल का प्रत्यक्ष अवलोकन किया तथा वैज्ञानिकों द्वारा खेती से जुड़ी बारीकियों एवं आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त किए। इस प्रक्षेत्र दिवस कार्यक्रम में ग्राम दवियाकलां तथा आसपास के क्षेत्रों से आए लगभग 70 कृषकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सृजन संस्था पिछोर अथवा खनियाधाना का भी सक्रिय सहयोग प्राप्त हुआ।


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने