न्यूज़ चाचा का धमाका
जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी
समाचार
शिवपुरी में कलेक्टर साहब ने कस दी लगाम, रात 10 बजे के बाद कानफोड़ू शोर मचाया तो सीधे जप्त होगा साजो-सामानकान फाड़ने वाले डीजे और लाउडस्पीकर वालों की खैर नहीं!।
शिवपुरी। भाई साहब, शादियों का सीजन हो या कोई जलसा-जुलूस, आजकल डीजे की गूंज से अस्पतालों में लेटे मरीजों, छोटे-छोटे मासूम बच्चों और बोर्ड परीक्षा की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों का हाल बेहाल हो रहा था। जनता की इस परेशानी को देखते हुए अब शिवपुरी जिला प्रशासन एकदम कड़क मूड में आ गया है! कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा ने आमजन की शांति और सुकून को ध्यान में रखते हुए ध्वनि प्रदूषण के खिलाफ एकदम कड़ा और बड़ा प्रतिबंधात्मक आदेश जारी कर दिया है।
अब जिले की सीमा में कोई भी कानफाड़ू आवाज में कानून की धज्जियां नहीं उड़ा पाएगा। प्रशासन के नए फरमान के मुताबिक, रात ठीक 10:00 बजे से लेकर सुबह 6:00 बजे तक डीजे, लाउडस्पीकर और दूसरे तेज आवाज वाले साउंड सिस्टम पूरी तरह बंद रखने होंगे। इसके अलावा, दिन में भी डीजे बजाने के लिए संबंधित क्षेत्र के एसडीएम (SDM) साहब से पहले लिखित परमिशन लेनी पड़ेगी, बिना अनुमति के कोई डीजे या बैंड नहीं बजेगा। प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि यदि किसी ने भी नियमों को ताक पर रखकर मनमानी की, तो डीजे सिस्टम, साउंड बॉक्स, जनरेटर और गाड़ी सब मौके पर ही जब्त कर लिए जाएंगे और जरूरत पड़ने पर पूरा मैरिज गार्डन या कार्यक्रम स्थल भी सील कर दिया जाएगा। इस कार्रवाई में सिर्फ डीजे वाला नहीं फंसेगा, बल्कि कार्यक्रम का मालिक (आयोजक) और मैरिज गार्डन का संचालक भी बराबर के जिम्मेदार माने जाएंगे और दोबारा गलती मिलने पर मैरिज गार्डन का लाइसेंस तक रद्द हो सकता है।
प्रशासन ने तो हदें भी तय कर दी हैं—आवासीय इलाकों में दिन में 55 और रात को 45 डेसीबल से ज्यादा आवाज नहीं गूंजनी चाहिए, जबकि अस्पतालों और स्कूलों जैसे शांत इलाकों में दिन में 50 और रात में 40 डेसीबल की ही सीमा तय की गई है। वैसे, मैरिज गार्डन वाले और डीजे संचालक अपनी आवाज मापने के लिए मोबाइल में 'साउंड डेसीबल मीटर ऐप' का इस्तेमाल भी कर सकते हैं ताकि कानून के दायरे में रहें। जिला प्रशासन ने दो टूक कह दिया है कि अगर किसी ने कान नहीं खोले और कानून तोड़ने की कोशिश की, तो भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223 और पर्यावरण संरक्षण अधिनियम के तहत ऐसा तगड़ा कानूनी डंडा चलेगा कि सबकी अकल ठिकाने आ जाएगी!
