न्यूज़ चाचा का धमाका
जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी
समाचार
सिविल न्यायालय खनियाधाना में भव्य रक्तदान शिविर सम्पन्न।
शिवपुरी, 8 अगस्त 2026/ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिवपुरी श्री राजेंद्र प्रसाद सोनी के प्रेरणादायी नेतृत्व में तथा सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिवपुरी श्रीमती रंजना चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में, तहसील न्यायालय खनियाधाना की पीठासीन अधिकारी श्रीमती अंजना यादव के कुशल निर्देशन में गतदिवस सिविल न्यायालय खनियाधाना परिसर में एक भव्य एवं प्रेरणास्पद रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
यह शिविर केवल एक आयोजन न होकर मानवता, सेवा और परोपकार की उच्चतम भावना का सजीव उदाहरण बनकर उभरा। न्यायालय परिसर में आयोजित इस महत्त्वपूर्ण पहल में न्यायिक अधिकारीगण, कर्मचारीगण, अधिवक्तागण एवं आमजन ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट परिचय दिया।
रक्तदान शिविर में सिविल न्यायालय खनियाधाना के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए स्वेच्छा से रक्तदान किया। प्रमुख रक्तदाताओं में डॉ. मनोज यादव, विनीत शर्मा (स्टेनो), राहुल राय (साक्ष्य लेखक), श्री कृष्णा कुशवाहा (क्रिमिनल रीडर), विमल साहू, भगवती प्रसाद कुशवाहा, सुनील अहिरवार सहित अधिवक्तागण में राजाजी बुंदेला, विमल ओझा, सुरेंद्र लोधी एवं अन्य जागरूक नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेकर इस पुनीत कार्य में अपनी सहभागिता सुनिश्चित की। शिविर में कुल 33 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जो निस्संदेह अनेक जरूरतमंदों के जीवन को संबल प्रदान करेगा।
इस अवसर पर सिविल अस्पताल खनियाधाना द्वारा चिकित्सकों की एक समर्पित टीम गठित कर उपस्थित समस्त कर्मचारीगण, अधिवक्तागण एवं पक्षकारों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में कुल 68 लोगों ने भाग लेकर विभिन्न चिकित्सकीय जाँचों का लाभ प्राप्त किया, जिससे स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश भी व्यापक रूप से प्रसारित हुआ।
