न्यूज़ चाचा का धमाका
जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी
समाचार
उल्लास कार्यक्रम अंतर्गत स्वास्थ्य परीक्षण एवं विधिक साक्षरता शिविर आयोजित।
शिवपुरी, 08 अगस्त 2026/ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशन में एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिवपुरी के तत्वाधान में प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष श्री राजेन्द्र प्रसाद सोनी तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, शिवपुरी की सचिव श्रीमती रंजना चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में शनिवार को मध्यस्थता केंद्र न्यायालय परिसर पोहरी में “उल्लास कार्यक्रम” के अंतर्गत स्वास्थ्य परीक्षण एवं विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ खंड पोहरी की व्यवहार न्यायाधीश श्रीमती अंजलि पटेल द्वारा किया गया। इस अवसर पर सुश्री काजल नायक, व्यवहार न्यायाधीश कनिष्ठ खंड पोहरी, अभिभाषक संघ पोहरी के अधिवक्तागण, पैरालीगल वालेंटियर एवं न्यायालयीन कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
उक्त शिविर में अभिभाषक संघ पोहरी के अधिवक्ताओं एवं न्यायालयीन कर्मचारीगण द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। शिविर के दौरान डॉक्टर श्री बलराज सिंह भदौरिया एवं उनकी टीम द्वारा प्रतिभागियों का ब्लड प्रेशर, शुगर एवं एचआईवी सहित विभिन्न स्वास्थ्य परीक्षण किए गए।
इस अवसर पर “उल्लास एक अभिनव प्रयोग” के अंतर्गत उच्च न्यायालय मध्यप्रदेश द्वारा जारी एडवाइजरी फ्रेमवर्क के अनुरूप विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन भी किया गया। इस दौरान न्यायालयीन कर्मचारियों को स्वास्थ्य संबंधी पहल, क्षमता निर्माण, सांस्कृतिक गतिविधियों तथा सकारात्मक कार्य वातावरण के महत्व के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
न्यायाधीश द्वारा कर्मचारियों के हितार्थ कार्यक्षमता में वृद्धि, मनोबल सुदृढ़ करने, संस्थागत सहभागिता बढ़ाने एवं मधुर मानवीय संबंधों की स्थापना हेतु आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। साथ ही यह भी अवगत कराया गया कि ऐसे आयोजन कर्मचारी कल्याण के साथ-साथ न्याय वितरण प्रणाली को सुदृढ़ करने में सहायक सिद्ध होते हैं। उपस्थित कर्मचारीगण एवं अधिवक्ताओं द्वारा इस प्रकार के अभिनव एवं उपयोगी आयोजन की भूरी-भूरी प्रशंसा की गई तथा इसे अत्यंत लाभकारी बताया गया।

