न्यूज़ चाचा का धमाका
जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी
समाचार
शिवपुरी में 'मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 2026': एमएसएमई क्षेत्र को सशक्त बनाकर जिले में औद्योगिक विकास को दी जाएगी नई गति - कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा
कृषि उपज मंडी कोलारस में आयोजित 'उद्यम संवाद' में कलेक्टर ने उद्यमियों एवं युवाओं से किया संवाद।
औद्योगिक इकाई का औचक निरीक्षण: धरातल पर परखीं व्यवस्थाएं।
शिवपुरी, 21 अगस्त 2026/ 'मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 2026' के अंतर्गत कृषि उपज मंडी, कोलारस में आयोजित शिविर के दौरान "उद्यम संवाद कार्यक्रम" का आयोजन हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा ने क्षेत्र के स्थानीय उद्यमियों, व्यवसायियों तथा नवीन उद्योग स्थापित करने के इच्छुक युवाओं से सीधा संवाद किया।
कलेक्टर श्री वर्मा ने आश्वस्त किया कि जिले में उद्योगों को बढ़ावा देने की पारदर्शी व सुलभ नीति पर कार्य किया जाएगा, जिसके तहत सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के माध्यम से उद्यमियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर उद्योग स्थापना में हर संभव मदद पहुंचाई जा रही है।
उद्यमियों ने साझा किए अनुभव।
'उद्यम संवाद' के दौरान सफल उद्यमियों ने अपने व्यावसायिक अनुभवों को साझा करते हुए शासकीय योजनाओं से मिल रहे वित्तीय एवं प्रशासनिक सहयोग की सराहना की। इस अवसर पर क्षेत्र में नए निवेश को आकर्षित करने,कोलारस सहित समूचे जिले में औद्योगिक गतिविधियों को गति देने तथा स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ाने पर विस्तृत चर्चा की गई।
लाभार्थियों ने साझा की सफलता की गाथाएं, 'उद्यम संवाद' में दिखे विकास के नए आयाम।
संवाद के दौरान विभिन्न शासकीय योजनाओं के लाभार्थियों ने अपने व्यावसायिक अनुभवों के साथ-साथ मिले वित्तीय लाभों का विवरण भी साझा किया।
जिसमें छाया ट्रेडर्स प्रो. श्रीमती अर्चना रघुवंशी - सीमेंट पाइप 1 करोड़ 38 लाख, कैलादेवी ऑयल मिल प्रो. पंकज जैन ₹8 लाख, तीर्थी ग्रीन प्रो. पीयूष जैन - बायोमास ब्रिकेट्स 2 करोड़ 50 लाख, अलायंस ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज प्रो. नवीन शिवहरे - सॉफ्ट ड्रिंक/वाटर प्लांट 59 लाख, आजीविका प्रो. हरनाम सिंह जाटव - मसाला उद्योग ₹7 लाख, कुशवाहा फ्लोर मिल सुनील कुशवाहा 04 लाख 50 हजार, राजेश इंजीनियरिंग प्रो. राजेश परिहार 10 लाख, राम स्टील प्रो. अभिषेक धाकड़ 3 लाख, संकेत ट्रेडर प्रो. संकेत जैन 10 लाख, गोयल साड़ी सेंटर प्रो. संस्कार गोयल 5 लाख, मामा बूट हाउस प्रो. समर जैन 5 लाख तथा प्रांजल जैन वुडन वर्क ₹25 लाख शामिल हैं। इसके अलावा, प्रस्तावित निवेश के तहत छाया ट्रेडर्स द्वारा 2 करोड़, तीर्थी ग्रीन द्वारा 1 करोड़ 50 लाख और प्रांजल जैन द्वारा 50 लाख का नया निवेश प्रस्तावित किया गया है।
हितलाभ वितरण
साथ ही, मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के अंतर्गत स्वरोजगार हेतु प्रिंस शिवहरे स्क्रैप व्यवसाय को 5 लाख, अजय टोंगी जनरल स्टोर को 2 लाख, शिवम भार्गव जनरल स्टोर को 5 लाख, सत्यम शिवहरे बिल्डिंग मटेरियल को 5 लाख एवं देवेंद्र सोनी ज्वेलरी शॉप को 1 लाख 20 हजार का हितलाभ वितरित किया गया। इस पहल से क्षेत्र में रोजगार के बड़े अवसर सृजित होंगे।
कोलारस की दाल मिल का औचक निरीक्षण।
'उद्यम संवाद' कार्यक्रम के तहत कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने औद्योगिक गतिविधियों की वास्तविक स्थिति परखने के लिए कोलारस स्थित 'मेसर्स राधिका एंटरप्राइज दाल मिल' का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मिल के संचालन, कच्चे माल की उपलब्धता, प्रसंस्करण और उत्पादन क्षमता का गहनता से जायजा लिया।
कलेक्टर श्री वर्मा ने संयंत्र में अग्निशमन व्यवस्था एवं सुरक्षा मानकों के पालन का अवलोकन करने के साथ-साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार सृजन की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने एमएसएमई विभाग के तहत मिल को प्राप्त शासकीय अनुदान व वित्तीय सहायता का ब्यौरा लिया तथा उद्यमियों को गुणवत्ता सुधार और औद्योगिक विस्तार हेतु शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नेहा अमित यादव, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री भरत सिंह चौहान, पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया, जिला पंचायत के सीईओ श्री विजय राज, अपर कलेक्टर श्री दिनेश चंद्र शुक्ला सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।
