न्यूज़ चाचा का धमाका
जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी
समाचार
दतिया में विरोध के बीच CM मोहन यादव का बड़ा संदेश, BJP प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को दी अग्रिम जीत की शुभकामनाएंनरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने पर जारी नाराजगी और इस्तीफों के बीच मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट कर जताया भरोसा।
दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार को लेकर जारी विरोध और राजनीतिक हलचल के बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ा राजनीतिक संदेश दिया है। मुख्यमंत्री ने भारतीय जनता पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को शुभकामनाएं देते हुए उनकी अग्रिम विजय की बधाई दी है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा, “श्री आशुतोष तिवारी जी को हार्दिक बधाई एवं विजय की अग्रिम शुभकामनाएं।” उन्होंने यह पोस्ट भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति द्वारा जारी उम्मीदवारों की सूची साझा करते हुए की।
मुख्यमंत्री की यह पोस्ट ऐसे समय आई है, जब पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं मिलने के बाद दतिया भाजपा में नाराजगी खुलकर सामने आ गई है। कई पदाधिकारियों ने इस्तीफा दे दिया है, जबकि कार्यकर्ताओं द्वारा विरोध, नारेबाजी और हंगामे की खबरें भी सामने आई हैं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि मुख्यमंत्री का यह संदेश केवल प्रत्याशी को शुभकामनाएं देने तक सीमित नहीं है, बल्कि संगठन और कार्यकर्ताओं को यह संकेत भी है कि पार्टी ने जिस उम्मीदवार पर भरोसा जताया है, उसके साथ पूरी ताकत से खड़ा होना है। भाजपा को कैडर आधारित पार्टी माना जाता है, जहां व्यक्तिगत चेहरे से अधिक पार्टी का चुनाव चिह्न और संगठन की एकजुटता को प्राथमिकता दी जाती है।
दतिया उपचुनाव में अब सभी की नजर इस बात पर रहेगी कि संगठन इस नाराजगी को किस तरह संभालता है और मुख्यमंत्री के इस संदेश का स्थानीय कार्यकर्ताओं पर कितना असर पड़ता है।
#DatiaByElection
#DrMohanYadav
#AshutoshTiwari
#BJPMadhyaPradesh
#MadhyaPradeshPolitics
