न्यूज़ चाचा का धमाका
जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी
समाचार
शासकीय आईटीआई शिवपुरी में प्रवेश का नया चरण शुरू
25 जुलाई तक करें रजिस्ट्रेशन और चॉइस फिलिंग, 31 जुलाई को जारी होगी तीसरी चयन सूची।
शिवपुरी, 19 जुलाई 2026/ शासकीय आईटीआई शिवपुरी में सत्र 2026-27 के लिए रिक्त सीटों पर प्रवेश की आगामी प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिन अभ्यर्थियों ने अभी तक प्रवेश नहीं लिया है या अपनी पसंद के अनुसार संस्थान एवं ट्रेड में बदलाव करना चाहते हैं, वे 25 जुलाई 2026 तक विभाग के आधिकारिक प्रवेश पोर्टल पर नवीन पंजीयन, त्रुटि सुधार और चॉइस फिलिंग कर सकते हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 25 जुलाई तक अभ्यर्थी ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन, आवेदन में त्रुटि सुधार तथा इच्छित संस्थान और ट्रेड का प्राथमिकता क्रम दर्ज कर सकते हैं। इसके बाद 26 जुलाई को कॉमन रैंक जारी की जाएगी। यदि किसी अभ्यर्थी को प्राप्तांकों या रैंक में कोई त्रुटि दिखाई देती है, तो वह 26 एवं 27 जुलाई को ऑनलाइन सुधार करा सकेगा। 31 जुलाई को तीसरी चयन सूची जारी होगी। चयनित अभ्यर्थियों को 31 जुलाई से 4 अगस्त तक संबंधित आईटीआई में उपस्थित होकर मूल दस्तावेजों का सत्यापन कराना और प्रवेश लेना होगा। इसके बाद 8 अगस्त को अपग्रेड के साथ चौथी चयन सूची जारी की जाएगी तथा चयनित अभ्यर्थियों के प्रवेश और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया 8 से 11 अगस्त तक पूरी की जाएगी।
महिला अभ्यर्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए आईटीआई में 35 प्रतिशत सीटें आरक्षित हैं तथा प्रशिक्षण शुल्क में 25 प्रतिशत की छूट का प्रावधान भी किया गया है। इसके अलावा सभी व्यवसायों में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को शुल्क दो किश्तों में जमा करने की सुविधा दी गई है। बेल्डर ट्रेड में 8वीं पास अभ्यर्थियों के लिए भी प्रवेश की व्यवस्था उपलब्ध है।
प्रवेश प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए शासकीय आईटीआई शिवपुरी परिसर में हेल्पडेस्क संचालित की जा रही है, जहां अभ्यर्थियों को निःशुल्क मार्गदर्शन और ऑनलाइन आवेदन भरने की सुविधा उपलब्ध है। प्रथम एवं द्वितीय चरण में प्रवेश से वंचित रहे विद्यार्थी भी 25 जुलाई तक 50 रुपये शुल्क जमा कर अपनी चॉइस फिलिंग में संशोधन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी हेल्पडेस्क के मोबाइल नंबर 9039975490 एवं 9179272570 पर संपर्क कर सकते हैं।
समाचार क्रमांक 114/2026 ---00---