दिनारा पुलिस और बाल संरक्षण इकाई की तत्परता से उत्तर प्रदेश निवासी बालक सुरक्षित घर पहुंचा

न्यूज़ चाचा का धमाका 

जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी 

समाचार

भटके हुए 11 वर्षीय बालक को पुलिस ने सकुशल परिजनों से मिलाया

दिनारा पुलिस और बाल संरक्षण इकाई की तत्परता से उत्तर प्रदेश निवासी बालक सुरक्षित घर पहुंचा

शिवपुरी, 19 जुलाई 2026/ दिनारा थाना क्षेत्र में भटके हुए एक 11 वर्षीय बालक को पुलिस ने तत्परता और संवेदनशीलता के साथ उसके परिजनों से मिलाकर मानवता का परिचय दिया। पुलिस की समय पर की गई कार्रवाई से बालक सुरक्षित अपने परिवार तक पहुंच सका।

17 जुलाई को थाना दिनारा के ग्राम आवास तिराहा के पास एक बालक अकेला घूमता हुआ मिला। ग्राम थनरा निवासी अभिषेक यादव ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए इसकी सूचना थाना दिनारा पुलिस को दी और बालक को सुरक्षित थाना लेकर पहुंचे। पूछताछ में बालक ने अपना नाम मोहम्मद ईशा शेख, पिता मोहम्मद जाकिर शेख, उम्र 11 वर्ष, निवासी जिला अंबेडकर नगर (उत्तर प्रदेश) बताया।

पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा एसडीओपी करैरा श्री प्रशांत शर्मा के मार्गदर्शन में बालक के परिजनों का पता लगाने के लिए तत्काल प्रयास शुरू किए गए। थाना दिनारा की उपनिरीक्षक अनुराधा सिंह ने उत्तर प्रदेश के थाना मालीपुर पुलिस से संपर्क कर बालक के परिवार की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान बाल संरक्षण अधिकारी से समन्वय कर बालक के रहने और देखभाल की अस्थायी व्यवस्था ट्राइबल हॉस्टल, दिनारा में कराई गई, जहां उसकी सुरक्षा और आवश्यक सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा गया।

19 जुलाई को बालक के पिता मोहम्मद जाकिर शेख शिवपुरी पहुंचे। आवश्यक दस्तावेजों की जांच और सभी वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद बालक को उनके सुपुर्द कर दिया गया। पूछताछ में पता चला कि बालक अपने पिता के पास मुंबई से बिना बताए निकल गया था और रास्ता भटककर शिवपुरी पहुंच गया। परिजनों ने पुलिस की तत्परता और संवेदनशील कार्यवाही के लिए आभार व्यक्त किया।

इस पूरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक अनुराधा सिंह, प्रधान आरक्षक हिमांशु चतुर्वेदी, प्रधान आरक्षक शरद कुमार, आरक्षक शिवम यादव, बाल संरक्षण अधिकारी राघवेंद्र शर्मा, ट्राइबल हॉस्टल अधीक्षक लक्ष्मीनारायण, थाना मालीपुर के थाना प्रभारी अभिषेक त्रिपाठी एवं बीट प्रभारी प्रधान आरक्षक राजकुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने