न्यूज़ चाचा का धमाका
जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी
समाचार
टीम भावना से करें काम, तभी मिलेगा शत-प्रतिशत लक्ष्य"— दस्तक अभियान पर कलेक्टर श्री वर्मा के सख्त निर्देश 14 जुलाई से शुरू होगा दस्तक अभियान
शिवपुरी, 11 जुलाई 2026/ कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा ने आज दस्तक अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में स्वास्थ्य विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग की संयुक्त समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री वर्मा ने आगामी 14 जुलाई से 31 अगस्त तक संचालित होने वाले ‘दस्तक अभियान’ की तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए पूरी टीम को सक्रिय होकर आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए, ताकि जिले के शत-प्रतिशत बच्चों को इस अभियान के तहत कवर किया जा सके।
घर-घर जाकर जिंक और ओआरएस बांटेगी टीम, 2 दिन में डाटा डिजिटल करने की डेडलाइन*
दस्तक अभियान की रूपरेखा तय करते हुए कलेक्टर श्री वर्मा ने बताया कि अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर संपर्क करेंगी। इस दौरान बच्चों को जिंक की गोलियां और ओआरएस घोल के पैकेट वितरित किए जाएंगे। इसके साथ ही 5 साल तक के सभी छोटे बच्चों को घर-घर जाकर आयरन सिरप की एक-एक बोतल देने के निर्देश भी दिए गए हैं। कलेक्टर ने अभियान से जुड़े समस्त नियमों और डेटा को अगले दो दिनों के भीतर शत-प्रतिशत डिजिटलाइजेशन करने की समय-सीमा तय की है।
एनीमिया पर प्रहार: हर मंगलवार स्कूलों में दी जाएगी आयरन की गुलाबी और नीली गोली
एनीमिया मुक्त भारत कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री वर्मा ने जिले के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ियों के लिए विशेष निर्देश जारी किए। अब से प्रत्येक मंगलवार को स्कूल टीचर्स द्वारा कक्षा 1 से कक्षा 5 तक के सभी बच्चों को आयरन की गुलाबी गोली और कक्षा 6 से कक्षा 9 तक के बच्चों को आयरन की नीली गोली अनिवार्य रूप से खिलाई जाएगी। इस व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को हर मंगलवार को स्कूलों व आंगनबाड़ियों का औचक भ्रमण करने और हर महीने स्कूल से इसकी रिपोर्ट प्राप्त करने के निर्देश दिए गए हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारियों को भी इस संबंध में निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि दस्तक अभियान में सफलता के लिए सभी विभागों को टीम भावना के साथ काम करना होगा और लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
आयुष्मान कार्ड, सीएम हेल्पलाइन और टीबी मुक्त भारत अभियान की भी हुई समीक्षा
बैठक के अंत में जिला स्तर पर चल रही अन्य स्वास्थ्य कार्यक्रमों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। इसमें नियमित टीकाकरण, एनीमिया मुक्त भारत अभियान, आयुष्मान कार्ड , सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों का निराकरण, गर्भवती महिलाओं के एएनसी रजिस्ट्रेशन और टीबी मुक्त भारत अभियान के लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के लिए स्वास्थ्य विभाग अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
बैठक से अनुपस्थित रहने पर आरबीएसके प्रभारी राजेंद्र शर्मा को 'कारण बताओ नोटिस'
बैठक के दौरान राष्ट्रीय कार्यक्रमों में लापरवाही बरतने पर कलेक्टर ने सख्त रुख अपनाया। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के प्रभारी राजेंद्र शर्मा के बैठक में उपस्थित नहीं होने पर कलेक्टर श्री वर्मा ने नाराजगी जताते हुए 'कारण बताओ नोटिस' जारी करने के निर्देश दिए।
