एसडीएम पोहरी ने बाढ़ आपदा प्रबंधन एवं मौसमी बीमारियों की रोकथाम को लेकर समीक्षा बैठक ली।

न्यूज़ चाचा का धमाका

जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी 

समाचार



एसडीएम पोहरी ने बाढ़ आपदा प्रबंधन एवं मौसमी बीमारियों की रोकथाम को लेकर समीक्षा बैठक ली।

शिवपुरी, 12 जून 2026/ कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देशन में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पोहरी श्री जे.पी. गुप्ता द्वारा संभावित बाढ़ एवं वर्षाकालीन आपदाओं की तैयारियों के संबंध में विकासखंड स्तरीय अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आपदा प्रबंधन एवं जनसुरक्षा के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

एसडीएम श्री गुप्ता ने निर्देश दिए कि वर्षाकाल के दौरान किसी भी जर्जर एवं असुरक्षित भवन में शैक्षणिक गतिविधियां संचालित न की जाएं। नदी-नालों एवं जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए तथा किसी भी प्रकार की आपात स्थिति की सूचना तत्काल प्रशासन को उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि वर्षा ऋतु में संभावित मौसमी बीमारियों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जाएं। साथ ही पशुओं में फैलने वाले संभावित रोगों की रोकथाम हेतु पशु चिकित्सा विभाग भी सतर्क रहे तथा आवश्यक टीमों का गठन कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करे।

बैठक में शासकीय भवनों के आसपास वर्षा जल संरक्षण के उद्देश्य से सोखता गड्ढों के निर्माण के निर्देश भी दिए गए। एसडीएम ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए आपदा प्रबंधन संबंधी तैयारियों को प्राथमिकता दें, जिससे किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

बैठक में जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, बीएमओ, बीईओ, बीआरसीसी सहित राजस्व एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने