न्यूज़ चाचा का धमाका
जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी
समाचार
स्कूल चलें अभियान के तहत एसडीएम पोहरी ने किया स्कूल का निरीक्षण।
शत-प्रतिशत उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देश।
शिवपुरी, 18 जून 2026/ कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार एसडीएम पोहरी श्री जे.पी. गुप्ता ने स्कूल चलें हम अभियान के अंतर्गत शासकीय प्राथमिक विद्यालय बूड़दा का निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं आधारभूत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया तथा बच्चों से संवाद कर उनके शैक्षणिक स्तर की जानकारी प्राप्त की।
विद्यार्थियों की उपस्थिति एवं शैक्षणिक गुणवत्ता पर दिया विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान विद्यालय में विद्यार्थियों की उपस्थिति का अवलोकन किया गया। एसडीएम श्री गुप्ता ने संस्था प्रभारी को विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा बच्चों की नियमित शैक्षणिक प्रगति पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय परिसर में उपलब्ध पेयजल, शौचालय एवं साफ-सफाई सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया।
मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश
एसडीएम पोहरी ने विद्यालय में संचालित मध्यान्ह भोजन योजना की समीक्षा करते हुए मां अन्नपूर्णा स्व-सहायता समूह को निर्धारित मीनू के अनुसार पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने तथा खाद्य सामग्री के नमूने सुरक्षित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं पोषणयुक्त भोजन उपलब्ध कराना सर्वाेच्च प्राथमिकता है।
आदिवासी बाहुल्य ग्राम अहेरा का भी किया भ्रमण।
विद्यालय निरीक्षण के उपरांत एसडीएम श्री जे.पी. गुप्ता ने एसडीओपी श्री आनंद राय, जनपद पंचायत सीईओ श्री ऑफिसर सिंह गुर्जर एवं अन्य अधिकारियों के साथ जनजातीय बाहुल्य ग्राम अहेरा का आकस्मिक भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान विद्यालय का निरीक्षण कर शौचालय संबंधी व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए गए।
ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण के दिए निर्देश
ग्राम भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। ग्रामीणों द्वारा पेयजल समस्या से अवगत कराए जाने पर एसडीएम ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के उपयंत्री को तत्काल आवश्यक कार्रवाई कर समस्या का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित अधिकारियों एवं मैदानी अमले को मौके पर रहकर समस्याओं के समाधान हेतु आवश्यक कार्यवाही करने को कहा।
निरीक्षण एवं भ्रमण के दौरान पटवारी, ग्राम पंचायत सचिव, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, शिक्षकगण सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
