न्यूज़ चाचा का धमाका
जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी
समाचार
जनजातीय बस्ती में लगी रात्रि चौपाल, ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर हुआ समाधान।
शिवपुरी, 17 जून 2026/ कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पोहरी श्री जे.पी. गुप्ता के नेतृत्व में ग्राम पंचायत बूड़दा के बसई मजरा स्थित जनजातीय बस्ती में रात्रि जनचौपाल का आयोजन किया गया। देर रात्रि तक चले इस जनसंवाद कार्यक्रम में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं तथा अधिकांश प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण कर नागरिकों को राहत प्रदान की गई।
ग्रामीणों के बीच पहुंचा प्रशासन
रात्रि चौपाल में प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को सुना। इसके बाद अधिकारियों एवं ग्रामीणों ने सहभोज किया। कार्यक्रम में 82 वर्षीय बुजुर्ग का सम्मान कर जनजातीय समुदाय के वरिष्ठजनों के प्रति आदर व्यक्त किया गया।
82 आवेदन प्राप्त, 66 का मौके पर निराकरण।
चौपाल के दौरान कुल 82 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 66 आवेदनों का तत्काल निराकरण किया गया। प्राप्त आवेदनों में प्रधानमंत्री आवास योजना के 9, पेंशन के 2, पोषण आहार के 2, राजस्व संबंधी 45 आवेदन शामिल रहे। राजस्व प्रकरणों में 35 जाति प्रमाण-पत्र एवं 10 नामांतरण संबंधी मामलों का त्वरित निराकरण किया गया। इसके अतिरिक्त आधार अद्यतन एवं जन्म प्रमाण-पत्र से जुड़े 20 आवेदन भी प्राप्त हुए। शिविर में 23 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया।
ग्रामीणों की मांगों पर हुई चर्चा
चौपाल में ग्रामीणों द्वारा भूमि संबंधी समस्याओं, सड़क पर स्पीड ब्रेकर निर्माण तथा आशा कार्यकर्ता की नियुक्ति की मांग रखी गई। भूमि संबंधी विषय पर एसडीएम श्री जे.पी. गुप्ता ने ग्रामसभा के माध्यम से प्रस्ताव शासन स्तर पर भेजने की प्रक्रिया की जानकारी दी। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
हर पंचायत में होगी नियमित जनसुनवाई।
एसडीएम श्री जे.पी. गुप्ता ने ग्रामीणों को बताया कि अब प्रत्येक ग्राम पंचायत में प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को नियमित जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। जनसुनवाई के माध्यम से ग्रामीण अपनी समस्याओं का समाधान पंचायत स्तर पर ही प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि जनसुनवाई में सचिव, ग्राम रोजगार सहायक, पटवारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
रात्रि चौपाल में तहसीलदार श्री द्रगपाल सिंह बैस, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत पोहरी श्री ऑफिसर सिंह गुर्जर, परियोजना अधिकारी श्री नीरज सिंह गुर्जर, श्री अजय शंकर त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

