अवैध रेत उत्खनन पर बड़ी कार्रवाई रिजौदी घाट पर दबिश देकर 10 ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं 3 हाइड्रा मशीनें की जप्त।

न्यूज़ चाचा का धमाका

जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी 



समाचार

अवैध रेत उत्खनन पर बड़ी कार्रवाई

रिजौदी घाट पर दबिश देकर 10 ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं 3 हाइड्रा मशीनें की जप्त।

शिवपुरी, 18 जून 2026/ कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। जिला प्रशासन, पुलिस, राजस्व, वन एवं परिवहन विभाग के संयुक्त समन्वय से गठित जिला टास्क फोर्स द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में निगरानी एवं प्रवर्तन कार्यवाही निरंतर जारी है।

कोलारस अनुविभाग अंतर्गत सिंध नदी के रिजौदी घाट क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन की लगातार प्राप्त हो रही शिकायतों के आधार पर विशेष अभियान चलाया गया। 

कलेक्टर श्री वर्मा के निर्देश पर अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) कोलारस, खनिज विभाग एवं पुलिस बल की संयुक्त टीम द्वारा रात्रि में दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान सिंध नदी से अवैध रूप से रेत उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त 10 ट्रैक्टर-ट्रॉली तथा 3 हाइड्रा (पेलोडर) मशीनें जप्त की गईं। जप्त वाहनों एवं मशीनों को पुलिस थाना बदरवास की अभिरक्षा में रखा गया है।

होगी कठोर कार्रवाई

खनिज विभाग द्वारा राजस्व अमले के सहयोग से उत्खनित खनिज की मात्रा का आकलन किया जा रहा है। जांच उपरांत संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भण्डारण का निवारण) नियम, 2022 के प्रावधानों के तहत अर्थदण्ड की कार्रवाई प्रस्तावित करते हुए प्रकरण न्यायालय कलेक्टर को प्रस्तुत किए जाएंगे।

अवैध खनन के विरुद्ध अभियान रहेगा जारी

कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए संयुक्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध  सख्त कार्रवाई की जाएगी।


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने