न्यूज़ चाचा का धमाका
जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी
समाचार
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जिला जेल शिवपुरी में सप्ताहव्यापी योग अभियान संपन्न।
महिला बंदियों के लिए स्वास्थ्य शिविर आयोजित।
शिवपुरी, 21 जून 2026/ मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के आदेशानुसार तथा प्रधान जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिवपुरी श्री राजेन्द्र प्रसाद सोनी गरिमामय मार्गदर्शन में जिले की समस्त जेलों में आयोजित सात दिवसीय राज्यव्यापी योग अभियान का रविवार को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भव्य समापन हुआ।
शिवपुरी में इस सात दिवसीय विशेष योग व कल्याण अभियान का सफल संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती रंजना चतुर्वेदी के द्वारा किया गया। कार्यक्रम में प्रभारी जेल अधीक्षक श्री रामशिरोमणी पाण्डे, सहायक अधीक्षक श्री उपेन्द्र मिश्रा सहित जेल के अन्य अधिकारी, कर्मचारीगण एवं समस्त बंदीगण उपस्थित रहे। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर महिला कैदियों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में डॉ. मोनिका मंगल एवं उनकी चिकित्सा टीम द्वारा महिला कैदियों का गहन स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें स्वास्थ्य से जुडे़ आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं दवाइयां निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं।
उल्लेखनीय है कि इस राज्यव्यापी योग अभियान की शुरुआत 15 जून को कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश द्वारा सेंट्रल जेल, जबलपुर से वर्चुअल माध्यम से की गई थी। उक्त योग अभियान में जिले की समस्त जेलों में निरूद्ध बंदीगण द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रतिदिन योगाभ्यास किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य बंदियों के शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य में सुधार लाना, उन्हें अवसाद मुक्त करना तथा योग के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम के सफल आयोजन के बाद, समापन अवसर पर सभी बंदीगण को फल वितरित किए गए। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा इस सफल आयोजन के लिए जेल प्रशासन और स्वास्थ्य टीम का आभार व्यक्त किया गया।
