न्यूज़ चाचा का धमाका
जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी
समाचार
जिले में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन द्वारा पूरा सहयोग किया जाएगा- कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा।
जिला सूक्ष्म एवं लघु उद्योग संवर्धन समिति की बैठक में उद्योगों की संभावनाओ और कठिनाइयों पर हुई चर्चा।
शिवपुरी, 12 जून 2026/ कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा ने आज जिले के उद्यमियों के साथ बैठक की। बैठक में जिले में सूक्ष्म एवं लघु उद्योग के संवर्धन एवं उद्योगों के संचालन में आ रही कठिनाइयां एवं सुझावों पर चर्चा की गई।
कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने कहा है कि शासन और प्रशासन की यही मंशा है कि सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों को बढ़ावा मिले। उद्योग विकसित होंगे तभी जिले की भी अर्थव्यवस्था विकसित होगी। जिले में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन द्वारा पूरा सहयोग किया जाएगा। उन्होंने एक-एक कर सभी उद्यमियों से चर्चा की और उनके द्वारा किए जा रहे उद्योग के विषय में जानकारी ली और कठिनाइयों को भी जाना। उन्होंने आवश्यक कार्यवाही के लिए उद्योग विभाग के जिला प्रबंधक अरविंद महेश्वरी को भी निर्देशित किया।
आज कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय लघु उद्योग संवर्धन बोर्ड, निर्यात प्रोत्साहन समिति और जिला स्तरीय निवेश संवर्धन एवं समन्वय समिति की संयुक्त बैठक रखी गई। बैठक में उद्योगों के विकास, निवेश प्रोत्साहन और निर्यात की संभावनाओ पर विस्तृत चर्चा की गई।
बदौड़ी फूड पार्क में प्लॉट एलॉटमेंट को लेकर जांच के निर्देश।
बैठक में बड़ौदी फूड पार्क में एक ही फर्म को प्लॉट एलॉटमेंट के मामले में कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने तत्काल बैठक में उपस्थित एमपीआईडीसी और उद्योग विभाग के जिला प्रबंधक को प्लॉट एलॉटमेंट लिस्ट उपलब्ध कराने और जांच के निर्देश दिए।
करैरा औद्योगिक क्षेत्र के निरीक्षण के दिए निर्देश।
कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने उद्योग विभाग के जिला प्रबंधक को करेरा के श्योपुरा में औद्योगिक पार्क के निरीक्षण के निर्देश दिए हैं। बैठक में चर्चा के दौरान यह बात सामने आई कि करेरा औद्योगिक पार्क में लिंक रोड संकरी है और अभी रोड पर पीडब्ल्यूडी द्वारा रोड बनाई जा रही है जिसका निर्माण कार्य अभी अधूरा है। सीवर लाइन और विद्युत संबंधी समस्या को लेकर भी अधिकारियों को निरीक्षण के निर्देश दिए गए हैं।
उद्यम क्रांति योजना के प्रचार प्रसार के निर्देश।
कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि उद्योग विभाग द्वारा विभिन्न कैंप और कार्यालय आदि में उद्यम क्रांति योजना के बारे में प्रचार प्रसार के लिए बैनर लगाया जाए, जिससे युवाओं को योजना के बारे में जानकारी ही और वह इसका लाभ ले सकें।

