शत-प्रतिशत नामांकन पर जोर, कोई भी बच्चा विद्यालय में प्रवेश से वंचित न रहे। डीपीसी दफेदार सिंह ने खनियाधाना में समीक्षा बैठक लेकर दिए निर्देश।

न्यूज चाचा का धमाका

जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी 

समाचार

शत-प्रतिशत नामांकन पर जोर, कोई भी बच्चा विद्यालय में प्रवेश से वंचित न रहे।

डीपीसी दफेदार सिंह ने खनियाधाना में समीक्षा बैठक लेकर दिए निर्देश।


अपार आईडी, चाइल्ड ट्रैकिंग एवं शैक्षणिक गुणवत्ता की हुई विस्तृत समीक्षा।

शिवपुरी, 28 जून 2026/ जनपद पंचायत सभागार खनियाधाना में शिक्षा विभाग की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी) दफेदार सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी पात्र बच्चा विद्यालय में प्रवेश से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे का विद्यालय में प्रवेश सुनिश्चित करना शिक्षा विभाग की सर्वाेच्च प्राथमिकता है तथा शिक्षा का अधिकार प्रत्येक बच्चे का संवैधानिक अधिकार है। अधिकारियों एवं शिक्षकों को वार्ड एवं ग्राम स्तर तक पहुंचकर शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में बीआरसी संजय भदोरिया, समस्त बीएसी, जन शिक्षक, प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापक तथा अशासकीय विद्यालयों के संचालक उपस्थित रहे। डीपीसी ने निर्देश दिए कि विद्यालयों में समय पर प्रार्थना, आज का शुभ विचार, बाल कैबिनेट का गठन तथा सभी शैक्षणिक गतिविधियों का नियमित संचालन सुनिश्चित किया जाए, जिससे विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं सीखने की रुचि विकसित हो। उन्होंने विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता बढ़ाने के लिए ओलंपियाड, एनएमएमएस एवं नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा की तैयारी अभी से प्रारंभ कराने, प्रतिदिन श्रुतलेख एवं सुलेख का अभ्यास कराने, कॉपियों का समयबद्ध मूल्यांकन करने तथा नियमित फेयर कार्य कराने के निर्देश दिए।

बैठक में अपार आईडी, नामांकन, यू-डाइस प्रोग्रेशन, चाइल्ड ट्रैकिंग एवं साक्षर भारत अभियान की विस्तृत समीक्षा की गई। डीपीसी ने सभी विद्यालयों में स्टॉक पंजी, संपर्क पंजी एवं अन्य अभिलेखों का नियमित संधारण सुनिश्चित करने, अभिभावकों से सतत संपर्क बनाए रखने तथा अनुपस्थित विद्यार्थियों को पुनः विद्यालय से जोड़ने के निर्देश दिए। मध्यान्ह भोजन योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी विद्यालयों में निर्धारित समय पर स्वच्छ, पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने तथा भोजन की गुणवत्ता एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

बैठक के अंत में डीपीसी ने विकासखंड में विभिन्न शैक्षणिक नवाचारों, प्रभावी मॉनिटरिंग एवं गुणवत्तापूर्ण प्रयासों की सराहना करते हुए सभी अधिकारियों एवं शिक्षकों का आह्वान किया कि वे टीम भावना के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ने एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने