न्यूज चाचा का धमाका
जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी
समाचार
दो बूंद जिंदगी की" जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ।
शिवपुरी, 28 जून 2026/ जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देशन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय ऋषीश्वर के नेतृत्व में किया गया। यह अभियान 28 से 30 जून 2026 तक संचालित होगा, जिसके अंतर्गत जिले के जन्म से 5 वर्ष तक के 2,65,395 बच्चों को पोलियो की दो बूंद जीवन रक्षक दवा पिलाई जाएगी।
जनप्रतिनिधियों ने किया पोलियो बूथों का शुभारंभ।
अभियान के प्रथम दिवस जिले के विभिन्न पल्स पोलियो बूथों का शुभारंभ जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों द्वारा किया गया। जिला चिकित्सालय शिवपुरी में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विजय राज एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय ऋषीश्वर ने पोलियो बूथ का शुभारंभ किया। इसी प्रकार विकासखंड सतनवाड़ा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुढेरी में समाजसेवी श्री रघुवीर रावत, पोहरी में मंडल अध्यक्ष श्री आशुतोष जैमिनी, नरवर में विधायक प्रतिनिधि श्री उदयसिंह राजपूत, करैरा में नगर परिषद अध्यक्ष श्री रामस्वरूप रावत, खनियाधाना में पार्षद श्री सत्यप्रकाश भरदेलिया एवं विधायक प्रतिनिधि श्री अभिषेक जैन, पिछोर में पार्षद श्रीमती रजनी राजौरिया, कोलारस में वरिष्ठ समाजसेवी श्री ओ.पी. भार्गव तथा बदरवास विकासखंड के रन्नौद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती राजकुमारी जमुना कुशवाह ने पल्स पोलियो बूथों का शुभारंभ किया।
2,150 बूथ, 56 ट्रांजिट बूथ एवं 40 मोबाइल दल तैनात*
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय ऋषीश्वर ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए जिले में 2,150 पल्स पोलियो बूथ, 56 ट्रांजिट बूथ तथा 40 मोबाइल दल तैनात किए गए हैं। ट्रांजिट बूथ रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड एवं अन्य प्रमुख आवागमन स्थलों पर संचालित किए जा रहे हैं, जबकि मोबाइल दल घुमंतू परिवारों, सड़क निर्माण स्थलों, क्रेशरों, ईंट-भट्टों एवं प्रवासी परिवारों के बच्चों तक पहुंचकर पोलियो की खुराक पिला रहे हैं। अभियान में लगभग 4,300 स्वास्थ्य एवं अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा 220 पर्यवेक्षक अपनी सेवाएं दे रहे हैं। अभियान की सतत निगरानी जिला प्रशासन एवं विश्व स्वास्थ्य संगठन के मॉनिटरों द्वारा की जा रही है।
29 और 30 जून को घर-घर पहुंचेंगी टीमें
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. रोहित भदकारिया ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि यदि किसी कारणवश कोई बच्चा पहले दिन पोलियो की खुराक से वंचित रह गया हो, तो 29 एवं 30 जून को घर-घर पहुंचने वाली स्वास्थ्य टीमों के माध्यम से उसे पोलियो की दो बूंद जीवन रक्षक दवा अवश्य पिलवाएं, ताकि जिले का कोई भी पात्र बच्चा इस अभियान से वंचित न रहे।
