न्यूज़ चाचा का धमाका
जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी
समाचार
![]() |
कृषि विज्ञान केन्द्र पर सोयाबीन फसल पर आधारित प्रशिक्षण सह कृषक संगोष्ठी आयोजित।
शिवपुरी, 23 जून 2026/ कृषि विज्ञान केंद्र शिवपुरी में संचालित क्लस्टर अग्रिम पंक्ति प्रदर्शन (तिलहन) अंतर्गत खरीफ 2026 कार्यक्रम के तहत सोयाबीन फसल की उन्नत खेती पर आधारित प्रशिक्षण सह संगोष्ठी का आयोजन केन्द्र के प्रमुख डॉ. पुनीत कुमार के मार्गदर्शन में किया गया। जिसमें जिले के सोयाबीन उत्पादक क्षेत्रों मुख्य रूप से कोलारस विकासखण्ड के लगभग 50 कृषकों एवं कृषक महिलाओं ने सहभागिता की। इस प्रशिक्षण में जिले के सोयाबीन उत्पादक कृषकों को सोयाबीन खेती की विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के प्रारम्भ में क्लस्टर अग्रिम पंक्ति प्रदर्शन (तिलहन) परियोजना के प्रभारी डॉ. प्रशान्त कुमार गुप्ता, वरिष्ठ वैज्ञानिक (उद्यानिकी) द्वारा कृषकों को इस परियोजना के उद्देश्य, क्रियान्वयन एवं सोयाबीन की उच्च उत्पादन वाली किस्म आर.व्ही.एस.एम. 11 के प्रमुख गुण एवं उससे कृषकों को खेती में होने वाले लाभ की जानकारी दी गई। केन्द्र के वैज्ञानिक (पादप प्रजनन) डॉ. पुष्पेन्द्र सिंह द्वारा सोयाबीन बुवाई पूर्व खेत की तैयारी, विभिन्न उन्नत किस्में, बीज दर, सोयाबीन फसल की प्रमुख बीमारियों, कीटों एवं उनके प्रबंधन पर विस्तारपूर्वक प्रशिक्षण दिया। इस प्रशिक्षण में डॉ. सुरूचि सोनी, वैज्ञानिक द्वारा सोयाबीन के विभिन्न उत्पादों के निर्माण विधि एवं डॉ. नीरज कुशवाहा तकनीकी अधिकारी द्वारा तिलहनी फसलों में बीज उपचार के महत्व के संबंध में बतलाया गया।
प्रशिक्षण के दौरान कृषकों को विभिन्न फसलों मुख्य रूप से सोयाबीन की उन्नत प्रजातियों के बीज के उपयोग एवं उन्नत तकनीक अपनाने पर जोर दिया गया। इस अवसर पर परियोजना प्रभारी द्वारा बतलाया गया कि इस परियोजना से तिलहनी फसलों के उन्नत किस्में के बीज को जिले में प्रतिस्थापित करने में मदद मिलेगी तथा क्लस्टर प्रदर्शनों के माध्यम से उन्नत प्रजाति व नई तकनीकों का जिले के दूरस्थ क्षेत्र में प्रचार-प्रसार होगा।

