न्यूज़ चाचा का धमाका
जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी
समाचार
जलकुंभी निकास के लिए चांदपाठा झील के गेट खोले जाएं - कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट।
जिला वेटलैंड समिति की बैठक में दिए निर्देश।
शिवपुरी, 16 मई 2026 शहर के जलाशयों में जलकुंभी एक बड़ी समस्या है,जिसे हटाने के लिए पूरी योजना से कार्य करने की जरूरत है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा ने आज जिला वेटलैंड समिति की बैठक में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर श्री वर्मा ने जल संसाधन विभाग को चांदपाठा लेक ( सांख्य सागर झील) के हाइड्रोलिक गेट खोलने के निर्देश दिए हैं, जिससे बरसात में जलकुंभी का निकास हो सके। इसमें वन विभाग, जलसंसाधन और नगरपालिका समन्वय से कार्य करे।
कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में वेटलैंड समिति की बैठक आयोजित हुई,। बैठक में शहर के प्रमुख जलाशय और जल प्रबंधन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। जलाशय के संरक्षण और तकनीकी समस्याओं को दूर करने के लिए निर्देश दिए गए।
सांख्य सागर झील शहर का प्रमुख जलाशय है। इसकी सुंदरता और पर्यावरण को नुकसान पहुँचा रही जलकुंभी को हटाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना से कार्य करने की जरूरत जताई गई है, ताकि जल की गुणवत्ता और जलीय जीवन को सुरक्षित किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि शहर के जल स्रोतों का संरक्षण करना, जलभराव और तकनीकी कमियों को समय रहते दूर करना ताकि आम जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। बरसात से पहले इस पर काम होना चाहिए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डालकर भूटिया, उपसंचालक माधव टाइगर रिजर्व श्री हरिओम, एडीएम श्री दिनेशचंद्र शुक्ला, समिति के सदस्यगण श्री प्रमोद भार्गव, श्री आलोक इंदौरिया सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
