न्यूज़ चाचा का धमाका
जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी
समाचार
सांप के काटने से गाय की मौत, मां से लिपटकर रोती रही मासूम बछिया दृश्य देख भावुक हुए गौसेवक कल्लू महाराज।
दिनारा। दिनारा स्थित अशोक होटल के समीप एक हृदयविदारक घटना ने लोगों की आंखें नम कर दीं। जानकारी के अनुसार एक गाय को सांप ने काट लिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद उसकी मासूम बछिया अपनी मां के शव के पास बैठी रही और उससे लिपटकर उसे उठाने का प्रयास करती रही। यह मार्मिक दृश्य देखकर आसपास मौजूद लोगों की आंखें भर आईं।
घटना की सूचना मिलने पर गौसेवक कल्लू महाराज मौके पर पहुंचे। उन्होंने बछिया को सहलाकर उसे संभालने का प्रयास किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बछिया बार-बार अपनी मां के पास जाकर उसे पुकारती रही, मानो उसे विश्वास ही नहीं हो रहा था कि उसकी मां अब इस दुनिया में नहीं रही।
कल्लू महाराज ने कहा कि जन्म और मृत्यु प्रकृति का अटल सत्य है। इस संसार में जिसने भी जन्म लिया है, उसे एक दिन इस दुनिया से विदा होना है। उन्होंने लोगों से जीव-जंतुओं, पशु-पक्षियों और गौवंश के प्रति दया, करुणा और सेवा भाव रखने का संदेश दिया।
घटना के बाद गौ माता का विधि-विधान से अंतिम संस्कार किया गया। गौसेवकों और स्थानीय नागरिकों ने फूल-माला अर्पित कर तिलक लगाया तथा पूजा-पाठ के साथ सम्मानपूर्वक दफन संस्कार संपन्न कराया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने गौ माता को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कल्लू महाराज ने कहा कि समय से बड़ा कोई नहीं होता और जीवन-मरण ईश्वर के हाथ में है। उन्होंने समाज से अपील की कि सभी जीवों के प्रति संवेदनशील रहें और जहां भी किसी पशु को सहायता की आवश्यकता हो, उसकी मदद के लिए आगे आएं।
यह घटना एक बार फिर याद दिलाती है कि मूक पशुओं के भी भावनाएं होती हैं। अपनी मां को खो चुकी मासूम बछिया का दर्द देखकर हर संवेदनशील व्यक्ति का हृदय द्रवित हो उठा।
