न्यूज चाचा का धमामा
जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी
समाचार
खादी बोर्ड द्वारा विभिन्न व्यवसायों में निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण हेतु आवेदन आमंत्रित।
शिवपुरी 22 मई 2026/ मध्य प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग, जिला पंचायत शिवपुरी द्वारा वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिले के विभिन्न बेरोजगार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य विशेष, ‘कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम’ आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के तहत जिले के पात्र युवक-युवतियों को विभिन्न रोजगारोन्मुखी व्यवसायों में निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
बोर्ड द्वारा तकनीकी, रचनात्मक और पारंपरिक व्यवसायों की एक विस्तृत श्रृंखला में प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिनमें मुख्य रूप से तकनीकी क्षेत्र में मोबाइल रिपेयरिंग, इलेक्ट्रिशियन (इंडस्ट्रियल/घरेलू), सोलर पैनल इंस्टालेशन, कंप्यूटर हार्डवेयर एवं नेटवर्किंग, और CNC मशीन ऑपरेटर, परिधान एवं डिजाइनिंग में फैशन डिजाइनिंग, सिलाई गारमेंट्स, फैब्रिक ड्राफ्टिंग एवं कटिंग (शर्ट, सफारी, कुर्ता, पायजामा, जैकेट, जोधपुरी), और हैंड एम्ब्रॉयडरी, पारंपरिक एवं हस्तशिल्प में जरी-जरदोजी, ब्लॉक प्रिंटिंग, लेदर फुटवियर, अगरबत्ती निर्माण, और कत्तिन बुनकर, अन्य में ब्यूटीशियन, बेकरी, दोना पत्तल निर्माण और मधुमक्खी पालन का उच्च स्तरीय और निशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
प्रभारी प्रबंधक ने बताया कि इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य स्थानीय युवाओं को आधुनिक तकनीकी और पारंपरिक व्यवसायों में दक्ष बनाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। इच्छुक अभ्यर्थी इस योजना का लाभ उठाने के लिए 12 जून 2026 तक आधिकारिक पोर्टल https://mpkhadigramodyog.com/admin/registration/student_login.php पर जाकर ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं। अधिक जानकारी या किसी भी तकनीकी सहायता के लिए आवेदक पोहरी रोड स्थित जिला पंचायत कार्यालय में कार्यालयीन समय के दौरान संपर्क कर सकते हैं।