न्यूज़ चाचा का धमाका
जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी
समाचार
कलेक्टर अर्पित वर्मा की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की अहम समीक्षा बैठक संपन्न।
कलेक्टर के सख्त निर्देश: हाई रिस्क प्रेगनेंसी की ट्रैकिंग और बेहतर मेडिकल मैनेजमेंट सुनिश्चित करें अधिकारी।
जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में दिए निर्देश।
शिवपुरी, 29 मई 2026/ कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा ने आज स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक ली। विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों और टीकाकरण अभियानों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री वर्मा ने समस्त ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर्स को पूरी गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत गांवों में लगेंगे कैंप।
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने निर्देश दिए कि अधिकारी केवल कागजी खानापूर्ति न करें, बल्कि गांवों और ब्लॉकों में विशेष कैंप आयोजित कर बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण करें। इन कैंपों के माध्यम से बीमार व कुपोषित बच्चों को चिन्हित कर उन्हें तुरंत उपचार उपलब्ध कराया जाए।
टीकाकरण अभियान में लाएं तेजी: एचपीवी और पेंटावेलेंट कवरेज बढ़ाने पर जोर।
टीकाकरण महाअभियान की समीक्षा करते हुए जिला मजिस्ट्रेट ने पेंटावेलेंट वैक्सीन की पहली खुराक का कवरेज बढ़ाने और शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, बालिकाओं को गंभीर बीमारियों से बचाने के लिए चलाए जा रहे एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) टीकाकरण कवरेज को भी जल्द से जल्द पूरा करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
गर्भवती महिलाओं का पहली तिमाही में रजिस्ट्रेशन और बाल मृत्यु दर की समीक्षा
कलेक्टर श्री वर्मा ने गर्भवती महिलाओं और नवजातों की सुरक्षा के लिए गर्भावस्था की पहली तिमाही में ही शत-प्रतिशत एएनसी रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने मातृ और शिशु मृत्यु दर की घटनाओं को कम करने के लिए हर मामले की चिन्हित करके को कहा है।
हाई रिस्क प्रेगनेंसी महिलाओं की पहचान और विशेष इलाज*
प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत हाई रिस्क प्रेगनेंसी वाली महिलाओं की विशेष ट्रैकिंग की जाएगी। कलेक्टर श्री वर्मा ने निर्देश दिए हैं कि गंभीर एनीमिया, पीआईएच, जीडीएम, हेपेटाइटिस और एचआईवी से पीड़ित गर्भवती महिलाओं की फील्ड स्तर पर पहचान की जाए और प्रसव के दौरान जोखिम को कम करने के लिए उनका बेहतर मेडिकल मैनेजमेंट सुनिश्चित हो।
सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश*
बैठक में कलेक्टर श्री वर्मा ने समस्त जनपद पंचायत के कार्यपालन अधिकारियों के साथ ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर को समन्वय बनाकर स्वास्थ्य विभाग से संबंधित लंबित कार्यों और डेटा को तुरंत पूरा करवाएं। इसके साथ ही उन्होंने सीएम हेल्पलाइन पर आने वाली आम जनता की स्वास्थ्य संबंधी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर संतुष्टिपूर्ण निराकरण करने की हिदायत दी।
बैठक के अंत में कलेक्टर श्री वर्मा ने स्पष्ट कहा कि ग्रामीण अंचलों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
