न्यूज चाचा का धमाका
जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी
समाचार
आटे में बम रखकर गौवंश पर हमला, बैतूल की घटना ने इंसानियत को किया शर्मसार।
गौ सेवक कल्लू महाराज ने दोषियों को फांसी देने की उठाई मांग, आंदोलन की चेतावनी।
मध्य प्रदेश के जिले से सामने आई एक दर्दनाक घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। यहां कुछ लोगों द्वारा गेहूं के आटे में विस्फोटक सामग्री रखकर गौवंश को निशाना बनाने का मामला सामने आया है। इस अमानवीय कृत्य में चार गौमाताओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब आठ गौवंश गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं, जो जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं।
घटना को लेकर गौ सेवा समिति के जिला अध्यक्ष गौ सेवक कल्लू महाराज ने गहरा आक्रोश व्यक्त किया है। उनका कहना है कि गौमाता केवल पानी पीने गई थीं, लेकिन कुछ अत्याचारी मानसिकता के लोगों ने उन्हें बम के जरिए मौत के घाट उतार दिया। उन्होंने कहा कि यह केवल गौहत्या नहीं, बल्कि मानवता पर हमला है।
गौ सेवक कल्लू महाराज ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री और भारत के प्रधानमंत्री से मांग करते हुए कहा कि इस घटना में शामिल सभी आरोपियों को कठोरतम सजा दी जाए। उन्होंने कहा कि एक आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है और मामला दर्ज हो चुका है, लेकिन अभी भी तीन आरोपी फरार हैं, जिन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाना चाहिए।
कल्लू महाराज ने कहा कि “हमारे भारतवर्ष में शायद यह पहली ऐसी घटना है, जहां गौमाता को बम से उड़ाने जैसी क्रूरता की गई है। ऐसे लोगों के लिए फांसी की सजा भी कम है।” उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो देशभर के गौ सेवक और गौभक्त सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे।
उन्होंने बैतूल पुलिस अधीक्षक और जिला प्रशासन से मांग की कि सभी आरोपियों को सलाखों के पीछे डालकर ऐसी कार्रवाई की जाए, जिससे भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस तरह का अपराध करने की हिम्मत न कर सके।
गौ सेवक कल्लू महाराज ने समाज को संदेश देते हुए कहा कि मनुष्य का जीवन धर्म और सेवा के लिए मिला है, अत्याचार के लिए नहीं। उन्होंने कहा कि “अच्छे बनो, बुरे नहीं। जो निर्दोष जीवों पर अत्याचार करेगा, उसका अंत भी बुरा ही होगा। ईश्वर और सत्य आज भी जिंदा हैं।”
इस घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश का माहौल है। गौभक्तों और सामाजिक संगठनों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग तेज कर दी है। अब सभी की निगाहें शासन और प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।
