ब्लैक स्पॉट पर घटनाएं न हो इसके लिए काम होना चाहिए, अन्यथा होगी कार्यवाही - कलेक्टर। यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कलेक्टर ने विभागों को दिए निर्देश।

न्यूज़ चाचा का धमाका

जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी



समाचार

ब्लैक स्पॉट पर घटनाएं न हो इसके लिए काम होना चाहिए, अन्यथा होगी कार्यवाही - कलेक्टर।

यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कलेक्टर ने विभागों को दिए निर्देश।

सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई आयोजित।

शिवपुरी, 20 मई 2026/ जिले में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा द्वारा कड़ा रुख अपनाते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, लोक निर्माण विभाग, नगर पालिका, यातायात पुलिस और परिवहन विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को मैदानी स्तर पर त्वरित और ठोस कार्रवाई करने के कड़े निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मंगलवार की शाम 'जिला सड़क सुरक्षा समिति' की बैठक संपन्न हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक यांगचेंग डोलकर भूटिया, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री, नगर पालिका सीएमओ, जिला परिवहन अधिकारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और सुधारात्मक कार्य के निर्देश

बैठक में सड़क हादसों को रोकने के लिए जिले के विभिन्न दुर्घटना संभावित क्षेत्रों ब्लैक स्पॉट्स की गहन समीक्षा की गई। कलेक्टर अर्पित वर्मा ने निर्देश दिए हैं कि प्रमुख स्थलों पर 'हाईमास्ट लाइटें' लगाई जाएंगी ताकि रात के समय दृश्यता बेहतर हो सके और हादसे न हों।

पूर्व में हुई दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए विभिन्न स्थानों पर सुरक्षा उपकरण, रेडियम, साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए हैं। बैठक में उपस्थित राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को हाइमास्ट लाइट लगाने के निर्देश दिए हैं।

अतिक्रमण और आवारा मवेशियों पर चलेगा विशेष अभियान*

शहर के प्रमुख मार्गों जैसे थीम रोड, सर्कुलर मार्ग, पिपरसमा चौराहा और ग्वालियर फोर लेन बाईपास से यातायात को बाधित करने वाले अवैध अतिक्रमणों को पुलिस व प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा हटाने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा, सड़कों पर विचरण करने वाले आवारा मवेशियों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए उन्हें एनएचएआई के सहयोग से गौशालाओं में भिजवाने की व्यवस्था की जाए।

यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी सख्त चालानी कार्रवाई

यातायात पुलिस और परिवहन विभाग को निर्देशित किया गया है कि वे तेज गति ओवर स्पीड से चलने वाले वाहनों, ओवरलोड माल व सवारी वाहनों, शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों और बिना हेलमेट व सीटबेल्ट के चलने वाले चालकों के खिलाफ लगातार कार्रवाई करें। साथ ही नो-एंट्री पॉइंट्स पर भारी वाहनों के प्रवेश को सख्ती से रोका जाए।

राहवीर योजना के तहत जन-जागरूकता अभियान चलाया जाए

सुरक्षा के साथ-साथ जागरूकता पर बल देते हुए ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में  राहवीर योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा गया है। ताकि सड़क दुर्घटना में घायल लोगों को सही समय पर अस्पताल पहुंचने वाले लोग प्रेरित हैं ऐसे राहवीरों को इनामी राशि और प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया जाएगा।


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने