न्यूज़ चाचा का धमाका
जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी
समाचार
कलेक्टर अर्पित वर्मा का पिछोर दौरा
सनघटा डैम का किया औचक निरीक्षण
अधिकारियों को दी मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी
शिवपुरी / कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा शनिवार को पिछोर के भ्रमण पर रहे। इस दौरान उन्होंने विकास कार्यों की जमीनी हकीकत परखने के लिए सनघटा डैम, निर्माणाधीन पंप स्टेशन और ग्रामीण क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया। कलेक्टर अर्पित वर्मा ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संबंधित अधिकारी लगातार मॉनिटरिंग करें।
संघटा डैम का निरीक्षण: गुणवत्ता से समझौता नहीं, क्रेशर हटाने के दिए निर्देश
पिछोर के निर्माणाधीन सनघटा डैम और ग्रामीण क्षेत्रों में डाली जा रही डिस्ट्रीब्यूशन लाइन के औचक निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्माण सामग्री को खुद जांचा। मौके पर अनुपयोगी पड़ी गिट्टी की गुणवत्ता खराब पाए जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और उसे उपयोग में न लेकर हटाने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने माइनिंग विभाग को 'बालाजी क्रेशर' को हटाने के सख्त निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने संबंधित परियोजना एसडीओ को समय-समय पर प्रभावी मॉनिटरिंग करने और इंजीनियर को ढलाई का विस्तृत सर्वे करने की जिम्मेदारी सौंपी है।
पंप स्टेशन का जायजा और खोदी गई सड़कों को तुरंत सुधारने के निर्देश
निरीक्षण के इसी क्रम में कलेक्टर अर्पित वर्मा ने निर्माणाधीन पंप स्टेशन का भी बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को काम की गति बढ़ाने और तकनीकी मापदंडों का पूरा ध्यान रखने को कहा। डिस्ट्रीब्यूशन लाइन के कार्य की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने एक महत्वपूर्ण निर्देश जारी किया। उन्होंने कहा कि पाइपलाइन डालने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में जो भी सड़कें खोदी जा रही हैं, उन्हें केवल खोदकर न छोड़ा जाए, बल्कि पाइपलाइन बिछाने के साथ ही साथ उन सड़कों को तुरंत दुरुस्त किया जाए ताकि ग्रामीणों को आवागमन में कोई असुविधा न हो।
गांव-गांव पहुंचकर ग्रामीणों से चर्चा: मुआवजे और पानी का भरोसा
कलेक्टर अर्पित वर्मा अपने दौरे के दौरान खुद गांव-गांव पहुंचे और स्थानीय ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया। सनघटा डैम के डूब क्षेत्र में आने वाले ग्रामीणों से चर्चा करते हुए उन्होंने आश्वस्त किया कि
डैम के निर्माण से जहां एक ओर पूरे क्षेत्र की पानी की समस्या हमेशा के लिए दूर होगी, वहीं डूब क्षेत्र में आ रही जमीनों का उचित और पारदर्शी मुआवजा भी ग्रामीणों को जल्द से जल्द दिलवाया जाएगा। इस परियोजना से सिंचाई सुविधा बढ़ेगी और किसानों को लाभ मिलेगा।
ग्राम पड़ोरा की आदिवासी बस्ती में सुनी समस्या
जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण की मिसाल पेश करते हुए कलेक्टर अर्पित वर्मा ग्राम पड़ोरा की आदिवासी बस्ती पहुंचे। वहां उन्होंने किसी तामझाम के बिना ग्रामीणों के बीच बैठकर एक-एक कर उनकी समस्याएं और शिकायतें सुनीं। कलेक्टर ने संवेदनशीलता दिखाते हुए मामलों के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को तय समय-सीमा के भीतर त्वरित निराकरण करने के सख्त निर्देश दिए।
