न्यूज चाचा का धमाका
जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी
समाचार
वैज्ञानिक परामर्श समिति की बैठक हुई सम्पन्न।
शिवपुरी, 22 मई 2026/ भा.कृ.अनु.प. कृषि तकनीकी अनुप्रयोग अनुसंधान संस्थान जोन 9 जबलपुर एवं राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय ग्वालियर के अधीन संचालित कृषि विज्ञान केंद्र, शिवपुरी की 39वीं वैज्ञानिक परामर्श समिति की बैठक आज शुक्रवार को पिपरसमां स्थित कृषि विज्ञान केंद्र के प्रशासनिक भवन में आयोजित की गई।वैज्ञानिक परामर्श समिति बैठक का प्रमुख उद्देश्य विगत छः माह में किए गए कार्यों की प्रगति से अवगत कराना और आगामी छः माह के लिए प्रस्तावित गतिविधियों को जिले के संबंधित विभागों के समन्वय में जिले के लिए सुदृढ़ कार्ययोजना किसानों, पशुपालकों एवं कृषि संबंधित आयामों में तकनीक समावेश से जिले को लाभान्वित कराना रहता है।
समिति की बैठक में केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. पुनीत कुमार द्वारा बैठक का महत्व एवं उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए सभी सदस्यों का स्वागत किया गया। कृषि विज्ञान केन्द्र की प्रगति (अक्टूबर 2025 से मार्च 2026) एवं प्रस्तावित कार्ययोजना खरीफ 2026 को समिति सदस्यों के समक्ष पॉवर पाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. मुकेश कुमार भार्गव द्वारा प्रस्तुत किया गया।
*बैठक में प्रमुख सुझाव इस प्रकार रहे*
कृषि में संसाधन संरक्षण तकनीकियों का उपयोग करें जिससे ईंधन का बचाव हो साथ ही ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोतों का उपयोग करने के लिए निदेशक विस्तार सेवाएं डॉ. वाय. पी. सिंह द्वारा विशेष सुझाव दिया गया। अटारी जबलपुर से डॉ. रजनीश श्रीवास्तव वरिष्ठ वैज्ञानिक द्वारा फसलों में संतुलित उर्वरक उपयोग के साथ समन्वित पोषक तत्व प्रबंधन प्रणाली के बारे में कृषकों को अधिक से अधिक जागरूक करने के लिए ध्यानाकर्षण कराया। भा.कृ.अनु.प. केन्द्रीय कृषि वानिकी अनुसंधान संस्थान झांसी के प्रधान वैज्ञानिक एवं एटिक प्रभारी डॉ. आर. पी. द्विवेदी द्वारा कृषि विज्ञान केंद्र शिवपुरी द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के साथ कृषि वानिकी विधाओं से किसानों को और अधिक लाभान्वित कराने के बारे में सुझाव दिया। क्षेत्रीय आलू अनुसंधान केन्द्र ग्वालियर के प्रमुख डॉ. सुभाष कटारे द्वारा आलू की उन्नत प्रजातियों को प्रदर्शनों से प्राप्त उत्पादन के बाद आगे के लिए सुरक्षित रखने और अन्य किसानों को देने के लिए कहा जिससे उन्नत प्रजाति के बीज प्रतिस्थापन दर बढ़ सके। जिले के संबंधित विभागों में कृषि, उद्यानिकी, कृषि अभियांत्रिकी, पशुपालन, आजीविका मिशन एवं गैरसरकारी संस्थानों के प्रमुखों तथा प्रतिनिधियों द्वारा भी शिवपुरी कृषि विज्ञान केन्द्र की कार्ययोजना में किए जा रहे कार्यों को प्रभावी बताया और समन्वय में किए जा रहे कार्यों को और अधिक बढ़ाए जाने के लिए आश्वासन भी दिया गया।
जिले से किसान प्रतिनिधि बतौर अवधेश वर्मा पिपरसमां, त्रिलोचन सिंह, महिला कृषक श्रीमती कमलजीत कौर झुंड, जगदीश गिरी गोस्वामी ग्राम धुवानी, रामगोपाल गुप्ता ग्राम भौंती पिछोर, गोविंद सिंह दांगी संगेश्वर, विकास संवाद पोहरी से अजय यादव एवं वसुधा विकास संस्था से प्रदीप तोमर, सृजन संस्था से लक्ष्मण जेठानी, ममता, शुभांगी एवं रोहन सिंह सहित कुल सहभागिता 45 रही। रिंग कृषि विज्ञान केन्द्रों में श्योपुर से डॉ. लाखन सिंह एवं दतिया एवं अशोकनगर से भी वैज्ञानिक सहभागी रहे।
बैठक की समीक्षा वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा करते हुए कृषि विज्ञान केन्द्र की प्रगति एवं कार्ययोजना के बारे में महत्वपूर्ण सुझावों का समावेश करते हुए उचित मार्गदर्शन भी दिया गया। साथ ही बैठक के सफल आयोजन में केन्द्र के विशेषज्ञ एवं स्टॉफ डॉ.प्रशान्त कुमार गुप्ता वरिष्ठ वैज्ञानिक, डॉ. पुष्पेन्द्र सिंह वैज्ञानिक, डॉ. सुरुचि सोनी वैज्ञानिक, डॉ.नीरज कुमार कुशवाहा, सतेन्द्र गुप्ता, श्रीमती आरती बंसल का प्रमुख रूप से योगदान रहा। बैठक में आभार प्रदर्शन डॉ. प्रशान्त कुमार गुप्ता, वरिष्ठ वैज्ञानिक द्वारा किया गया।
