जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी
समाचार
स्वच्छता और अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार जारी अस्पताल चौराहा, कोर्ट रोड मंडी एवं वार्ड क्रमांक-6 में नगर पालिका की सख्त कार्रवाई।
शिवपुरी, 16 मई 2026/शिवपुरी शहर को स्वच्छ, सुरक्षित एवं अतिक्रमण मुक्त बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद शिवपुरी द्वारा विशेष स्वच्छता एवं अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार चलाया जा रहा है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देशन तथा नगर पालिका सीएमओ श्री इशांक धाकड़ के नेतृत्व में शनिवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण एवं कार्रवाई की गई।
अस्पताल चौराहा स्थित गोलंबर क्षेत्र में किए गए निरीक्षण के दौरान अवैध अतिक्रमण हटाया गया तथा आसपास की दुकानों की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में कुछ दुकानदारों द्वारा सड़क पर गंदगी एवं उपयोग की गई पॉलिथीन फेंकी हुई पाई गई।*
इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए नगर पालिका टीम द्वारा एक जूस दुकान संचालक पर ₹500 तथा एक फोटोशॉप संचालक पर ₹250 का चालान किया गया। संबंधित दुकानदारों को स्वच्छता बनाए रखने की सख्त हिदायत देते हुए मौके पर ही सफाई कराई गई।
इसके बाद कोर्ट रोड स्थित मंडी क्षेत्र का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मंडी में पूर्व की अपेक्षा व्यवस्था में सुधार पाया गया, हालांकि कुछ स्थानों पर अभी भी अतिक्रमण की स्थिति दिखाई दी। सीएमओ श्री इशांक धाकड़ ने संबंधित दुकानदारों को तत्काल अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए तथा चेतावनी दी कि निर्धारित समय सीमा तक अतिक्रमण नहीं हटाने पर कठोर चालानी कार्रवाई की जाएगी।
वार्ड क्रमांक-6 के भ्रमण के दौरान नगर पालिका टीम ने पाया कि कई स्थानों पर नालियों के ऊपर अवैध अतिक्रमण कर जल निकासी व्यवस्था बाधित की गई है, जिसके कारण गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है और आमजन को दुर्गंध एवं गंदगी का सामना करना पड़ रहा है। संबंधित मकान मालिकों एवं दुकानदारों को 24 घंटे के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए हैं।*
सीएमओ श्री इशांक धाकड़ ने कहा कि शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए नगर पालिका द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।*
नगर पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा के निर्देशन में स्वच्छता एवं अतिक्रमण हटाओ अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।*
