न्यूज चाचा का धमाका
जीतेन्द जैन जिला शिवपुरी
सफलता की कहानीजागरूकता और संकल्प से ‘हाई रिस्क’ गर्भावस्था पर विजय, राजकुमारी आदिवासी बनी प्रेरणा
शिवपुरी, 17 अप्रैल 2026
ग्राम मेहरा निवासी 20 वर्षीय राजकुमारी आदिवासी ने जागरूकता, समय पर उपचार एवं परिवार के सहयोग से ‘हाई रिस्क’ गर्भावस्था को सफलतापूर्वक संभालते हुए एक स्वस्थ शिशु को जन्म देकर प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।
वर्ष 2025 में गर्भवती होने के बाद राजकुमारी ने समय रहते स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेना प्रारंभ किया। उन्होंने महिला एवं बाल स्वास्थ्य परामर्श केंद्र के माध्यम से आंगनवाड़ी में पंजीकरण कराया तथा नियमित जांच एवं टीकाकरण कराया। जांच के दौरान उनका हीमोग्लोबिन 8.9 ग्राम पाया गया, जिससे उन्हें ‘हाई रिस्क’ श्रेणी में रखा गया।
स्वास्थ्य विभाग के मार्गदर्शन में राजकुमारी ने उपचार एवं पौष्टिक आहार पर विशेष ध्यान दिया। इस दौरान उनके परिवार ने भी महत्वपूर्ण सहयोग दिया। पति द्वारा नियमित दवाएं एवं पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया गया तथा परिवार के अन्य सदस्यों ने उन्हें पर्याप्त विश्राम सुनिश्चित किया।
नियमित देखभाल एवं सतर्कता के परिणामस्वरूप एक माह में उनका हीमोग्लोबिन बढ़कर 11 ग्राम हो गया। इसके पश्चात भी उन्होंने निरंतर जांच एवं चिकित्सकीय सलाह का पालन किया। 8 फरवरी 2026 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में राजकुमारी ने 2 किलो 800 ग्राम वजन के स्वस्थ शिशु को जन्म दिया। जन्म के तुरंत बाद शिशु को मातृ दुग्ध पिलाकर उन्होंने सही मातृत्व व्यवहार का उदाहरण प्रस्तुत किया।
राजकुमारी आदिवासी की यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि समय पर जागरूकता, स्वास्थ्य सेवाओं का उपयोग एवं परिवार का सहयोग किसी भी जोखिमपूर्ण परिस्थिति को सुरक्षित परिणाम में परिवर्तित कर सकता है।
