न्यूज़ चाचा का धमाका
जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी
समाचार
कोलारस में प्रशासन की कार्रवाई; ग्राम जगतपुर और कोलारस में करोड़ों रुपए की बेशकीमती शासकीय भूमि को अतिक्रमण से कराया गया मुक्त।कलेक्टर श्री वर्मा के निर्देशानुसार अनुविभागीय अधिकारी और तहसीलदार के नेतृत्व में पुलिस बल व राजस्व अमले द्वारा की गई संयुक्त कार्रवाई*
शिवपुरी, 03 नवम्बर 2026/ कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध सख्त अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में आज मंगलवार को कोलारस अनुविभाग के अंतर्गत ग्राम जगतपुर और कोलारस नगर में राजस्व, नगर निकाय और पुलिस बल के संयुक्त दल द्वारा अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई को अंजाम देते हुए करोड़ों रुपए की शासकीय भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराया गया।
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कोलारस श्री शिवदयाल धाकड़, तहसीलदार कोलारस श्री प्रदीप भार्गव, राजस्व निरीक्षक वृत्त कोलारस, ग्राम एवं नगर निकाय के पटवारियों तथा पुलिस बल के सहयोग से ग्राम जगतपुर स्थित शासकीय आवादी गांवठान की भूमि (सर्वे नं. 34 रकवा 0.0310 हे., सर्वे नं. 27 रकवा 0.1580 हे., सर्वे नं. 28 रकवा 0.0310 हे., सर्वे नं. 30 रकवा 0.0210 हे. तथा सर्वे नं. 35 रकवा 0.031 हे. कुल 5 किता, कुल रकवा 0.272 हे.) पर से अतिक्रमण हटाया गया। इस भूमि पर अनावेदकगण अनिल कुमार, सुनील कुमार, मनीष कुमार एवं लोकेन्द्र कुमार द्वारा बाउंटी बनाकर अवैध कब्जा किया गया था।
इसी प्रकार एक अन्य बड़ी कार्रवाई में ग्राम कोलारस स्थित राजस्व अभिलेख में माफी राम जानकी मंदिर के नाम से दर्ज शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। इसमें सर्वे नंबर 726 से 732 तक (कुल 7 किता) तथा सर्वे नंबर 1507 से 1515 तक (कुल 9 किता) यानी कुल 16 सर्वे नंबरों की 4.816 हेक्टेयर भूमि शामिल है। इस भूमि पर अनावेदकगण प्रदीप बैरागी, मुरारी पाल, दामोदरदास बैरागी, संजय बैरागी, सोनू बैरागी, योगेश बैरागी एवं राहुल बैरागी द्वारा अवैध कब्जा किया गया था।
न्यायालयीन प्रक्रिया और बेदखली आदेश का पालन
तहसीलदार कोलारस के न्यायालय में इन मामलों से संबंधित प्रकरण दर्ज कर विधिवत सुनवाई की गई थी। न्यायालय द्वारा गत दिवस बेदखली आदेश पारित कर अनावेदकगणों को सात दिवस के भीतर भूमि से कब्जा हटाने के निर्देश दिए गए थे। निर्धारित समयावधि में अनावेदकगणों द्वारा अतिक्रमण नहीं हटाने पर प्रशासनिक दल द्वारा आज यह कार्रवाई की गई।
करोड़ों रुपए की भूमि की सुपुर्दगी
प्रशासनिक दल द्वारा अतिक्रमण मुक्त कराई गई संपत्तियों का मूल्य‘"" वर्तमान गाइडलाइन के अनुसार काफी अधिक है। ग्राम जगतपुर में मुक्त कराई गई आवादी भूमि की कीमत लगभग 1 करोड़ रुपए है, जिसे कार्रवाई के पश्चात नगर परिषद को सुपुर्द किया गया है। वहीं कोलारस नगर स्थित माफी राम जानकी मंदिर की लगभग 4 करोड़ रुपए कीमत की बेशकीमती भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराकर हल्का पटवारी कोलारस एवं ग्राम कोटवार की सुपुर्दगी में दिया गया है।
जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि शासकीय और मंदिर की भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ आगे भी इस प्रकार की कठोर वैधानिक और बेदखली की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
