न्यूज़ चाचा का धमाका
जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी
समाचार
कलेक्टर-एसपी के निरीक्षण का असर: शिवपुरी में यातायात सुधार और अतिक्रमण पर सख्ती, प्रेम स्वीट्स से लिए गए खाद्य पदार्थों के सैंपल।
शिवपुरी: शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने और नागरिकों को शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन ने सख्त तेवर अपना लिए हैं। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा और पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने बुधवार शाम माधव चौक और कोर्ट रोड का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क पर अतिक्रमण कर लगाए गए स्टॉल्स और अव्यवस्थित पार्किंग को लेकर दुकानदारों को कड़ी हिदायत दी गई। कार्रवाई से राहत मिलने पर व्यापारियों ने कलेक्टर का फूलमाला पहनाकर आभार भी जताया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्वच्छता पर जोर देते हुए दुकानदारों से अपील की कि वे दुकानों के बाहर डस्टबिन रखें और कचरा सड़कों पर न फेंकें। सभी के सहयोग से ही शिवपुरी को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकता है।
प्रेम स्वीट्स से लिए गए सैंपल, मिलावटखोरों पर कसेगा शिकंजा
दीपावली के त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। कलेक्टर के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने शहर के प्रसिद्ध प्रतिष्ठान 'प्रेम स्वीट्स' पर पहुंचकर मिठाइयों और खाद्य सामग्रियों की बारीकी से जांच की और सैंपल लिए। इन नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य स्तरीय प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट में कमी पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आम जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
