न्यूज़ चाचा का धमाका
जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी
समाचार
शिवपुरी। जिले में खेल प्रेमियों के लिए एक ऐतिहासिक और गौरवशाली अवसर आ गया है। आगामी 7 अक्टूबर से 11 अक्टूबर 2026 तक स्थानीय श्रीमंत माधवराव सिंधिया खेल परिसर में 70वीं राज्य स्तरीय 17 वर्षीय (बालक-बालिका) शालेय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का भव्य आयोजन होने जा रहा है। बुधवार दोपहर 3 बजे आकर्षक मार्चपास्ट के साथ इस महाकुंभ का औपचारिक शुभारंभ होगा।
इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी 10 संभागों—जबलपुर, नर्मदापुरम, उज्जैन, भोपाल, इंदौर, शहडोल, जनजातीय कार्य विभाग, सागर, ग्वालियर और रीवा—से लगभग 700 प्रतिभाशाली खिलाड़ी (350 बालक और 350 बालिकाएं) अपना दमखम दिखाने शिवपुरी पहुंच रहे हैं। इसके साथ ही करीब 150 कोच, दल प्रबंधक और तकनीकी अधिकारी भी इस आयोजन का हिस्सा बनेंगे।
तैयारियां अंतिम चरण में, समितियों का गठन
कलेक्टर अर्पित वर्मा के कुशल निर्देशन और जिला शिक्षा अधिकारी आकाश सिंह यादव के मार्गदर्शन में शिक्षा विभाग ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए कमर कस ली है। जिला उत्कृष्ट विद्यालय में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में लगभग 2 दर्जन से अधिक समितियों का गठन किया गया है, जिसमें 100 से अधिक शिक्षकों और अधिकारियों को विशिष्ट जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। यातायात, आवास, भोजन, स्वास्थ्य, प्रचार-प्रसार और मैदान संचालन के लिए अलग-अलग टीमें पूरी मुस्तैदी से काम कर रही हैं, ताकि बाहर से आने वाले मेहमानों और खिलाड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
रोमांचक मुकाबले और विभिन्न स्पर्धाएं
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा। इसमें 100 मीटर से लेकर 5000 मीटर तक की दौड़, 3000 मीटर पैदल चाल, ऊंची कूद, लंबी कूद, पोलवाल्ट, डिस्कस थ्रो, हेमर थ्रो, गोला फेंक और जैवलिन थ्रो जैसी विभिन्न रोमांचक स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी।
शिवपुरी की धरा पर होने वाले इस भव्य खेल आयोजन से जिले में खेल संस्कृति को एक नई ऊर्जा और पहचान मिलेगी।
