न्यूज़ चाचा का धमाका
जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी
समाचार
60 दिवसीय मेगा जागरूकता अभियान के तहत शासकीय हाईस्कूल कोटा में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित; छात्रों व आमजन को दिए यातायात व आपदा प्रबंधन के टिप्स।
शिवपुरी, 07 अक्टूबर 2026/ राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के आदेशानुसार चलाए जा रहे 60 दिवसीय मेगा ड्राइव जागरूकता अभियान के अंतर्गत शासकीय हाईस्कूल कोटा में एक विशाल विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिवपुरी श्री राजेन्द्र प्रसाद सोनी के मार्गदर्शन व अध्यक्षता तथा सचिव श्रीमती रंजना चतुर्वेदी के समन्वय में संपन्न हुआ। शिविर में शासकीय हाईस्कूल कोटा, माध्यमिक विद्यालय हातौद एवं प्राथमिक विद्यालय हातौद के छात्र-छात्राओं सहित स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम की शुरुआत में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती रंजना चतुर्वेदी ने 60 दिवसीय मेगा अभियान और नालसा की योजनाओं की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं ग्रासरूट स्तर तक विद्यार्थियों और आम नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों, सड़क सुरक्षा तथा जीवन रक्षा संबंधी उपायों के प्रति जागरूक करना है। शिविर में यातायात थाना शिवपुरी की रक्षित निरीक्षक श्रीमती गायत्री इटोरिया ने छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी। उन्होंने दुपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट लगाने, चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट का उपयोग करने, यातायात संकेतों का पालन करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने की सख्त हिदायत दी।
इसके साथ ही आपदा प्रबंधन टीम द्वारा आपातकालीन परिस्थितियों एवं सड़क दुर्घटनाओं के समय बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों का प्रदर्शन किया गया। टीम ने आपदा के दौरान स्वयं को सुरक्षित रखने और दूसरों की मदद करने के व्यावहारिक तरीकों के बारे में विस्तार से बताया।
प्रधान जिला न्यायाधीश ने की वाहन बीमा व नियमों के पालन की अपील।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधान जिला न्यायाधीश श्री राजेन्द्र प्रसाद सोनी ने उपस्थित जनसमूह से यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने तथा अपने वाहनों का बीमा जरूर कराने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान विशेष न्यायाधीश श्री अशोक कुमार शर्मा एवं तृतीय जिला न्यायाधीश श्री दिनेश कुमार शर्मा ने भी उपस्थित लोगों को महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों व अधिकारों की जानकारी प्रदान की।
शिविर में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, ट्रैफिक पुलिस टीम, आपदा प्रबंधन दल, पंचायत प्रतिनिधि, पैरालीगल वॉलंटियर्स तथा बड़ी संख्या में छात्र एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
