न्यूज़ चाचा का धमाका
जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी
समाचार
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश के 7,400 से अधिक छात्र-छात्राओं को वितरित की स्कूटी।
मुख्यमंत्री स्कूटी योजनाः शिवपुरी जिले के 72 स्कूलों के 130 मेधावी विद्यार्थियों को मिली स्कूटी की सौगात।
शिवपुरी, 19 सितम्बर 2026/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा भोपाल के सुभाष स्कूल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूलों की कक्षा 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के अंतर्गत स्कूटी वितरित की गई। इस योजना के तहत शिवपुरी जिले के 72 शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूलों के कुल 130 मेधावी छात्र-छात्राओं को स्कूटी प्रदाय कर लाभान्वित किया गया है। प्रदेशभर में 7,400 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को यह सौगात मिली है।
प्रथम प्रयास में 70 प्रतिशत और विद्यालय में प्रथम स्थान वाले विद्यार्थियों को लाभ।
शासकीय विद्यालयों में कक्षा 12वीं की परीक्षा में प्रथम प्रयास में ही 70 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त कर अपने विद्यालय में प्रथम स्थान (फर्स्ट रैंक) प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को यह लाभ प्रदान किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों को प्रदान की जा रही स्कूटी केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि उनकी प्रतिभा, परिश्रम, आत्मविश्वास और उज्ज्वल भविष्य का प्रोत्साहन है।
बेटियों को अवसर मिलने से परिवार और समाज होंगे सशक्त*
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार विद्यार्थियों के सपनों को पूरा करने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने हेतु संकल्पित है। आर्थिक तंगी के कारण किसी भी प्रतिभावान छात्र की पढ़ाई प्रभावित नहीं होगी। विशेषकर बेटियों को स्कूटी मिलने से उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा और उच्च शिक्षा की दिशा में उनकी राह आसान होगी। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि प्रदेश में स्कूल शिक्षा का बजट बढ़ाकर 38 हजार करोड़ रुपये कर दिया गया है।
ड्रॉप-आउट दर हुई शून्य, सांदीपनि विद्यालय दे रहे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2002-03 तक प्राथमिक स्कूलों में ड्रॉप-आउट दर 16 प्रतिशत थी, जो अब शून्य हो चुकी है। राज्य में सर्वसुविधायुक्त सांदीपनि विद्यालय खोले जा रहे हैं, जो गुणवत्तापूर्ण शिक्षा में निजी स्कूलों को पीछे छोड़ रहे हैं। राज्य सरकार विद्यार्थियों को किताबें, गणवेश और साइकिलें भी निःशुल्क उपलब्ध करा रही है।
