न्यूज़ चाचा का धमाका
जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी
समाचार
कोलारस वधानसभा में वकीलों का फूटा गुस्सा: मूलभूत समस्याओं को लेकर SDM को सौंपा ज्ञापन, समाधान न होने पर कोर्ट जाने की चेतावनी।
जनप्रतिनिधियों के भरोसे नहीं, अब सड़क से कोर्ट तक होगी लड़ाई
विधानसभा कोलारस अभिभाषक संघ के नेतृत्व में वकीलों का एक प्रतिनिधिमंडल शहर की गंभीर मूलभूत समस्याओं को लेकर एसडीएम कार्यालय पहुंचा और प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। अभिभाषक संघ ने इस दौरान शहर की बदहाल व्यवस्था पर गहरी चिंता जताई।
संघ के अध्यक्ष ने जनप्रतिनिधियों और स्थानीय प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि शहर के विकास और नागरिकों की सुविधा से जुड़े इन जरूरी मुद्दों पर जनप्रतिनिधियों को खुद पहल करनी चाहिए थी, लेकिन यह विडंबना है कि आज इन बुनियादी समस्याओं के लिए वकीलों को आगे आना पड़ रहा है।
ज्ञापन के माध्यम से उठाई गई प्रमुख समस्याओं में शहर के मुख्य मार्गों का चौड़ीकरण करना, सड़कों पर घूम रहे आवारा पशुओं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाना, रास्तों पर किए गए अवैध अतिक्रमण को सख्ती से हटाना, मरीजों की सुविधा के लिए जर्जर अस्पताल मार्ग की तुरंत मरम्मत कराना और शहर के भीतर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने के लिए 'नो एंट्री' व्यवस्था लागू करना शामिल है।
अभिभाषक संघ ने चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि प्रशासन ने इन सभी समस्याओं का जल्द से जल्द संतोषजनक निराकरण नहीं किया, तो मजबूरन उन्हें न्यायालय की शरण लेनी पड़ेगी। वकीलों के इस सख्त रुख से प्रशासनिक अमले में हलचल तेज हो गई है।
