न्यूज़ चाचा का धमाका
जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी
समाचार
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान कलेक्टर श्री वर्मा ने खनियाधाना में किया ऑयल मिल का किया निरीक्षण एमएसएमई प्रोत्साहन योजना से उद्योग को मिलेगी रफ्तार।
शिवपुरी, 14 अगस्त 2026 / मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित उद्यम संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा ने खनियाधाना स्थित एक नई 'अक्षत फूड ऑयल मिल' यूनिट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों के प्रसार और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन के प्रयासों की सराहना की। निरीक्षण के दौरान उद्योग विभाग के महाप्रबंधक श्री अजय तिवारी भी उपस्थित रहे।
आधुनिक मशीनों से लैस है यूनिट।
यह ऑयल मिल राजेश जैन द्वारा संचालित की जा रही है। इस नई इकाई में उच्च गुणवत्ता और आधुनिक तकनीक वाली मशीनें लगाई गई हैं। मिल में मुख्य रूप से मूंगफली और सरसों का शुद्ध तेल तैयार किया जाएगा, और मिल से ही पैकेजिंग ओर ब्रांडिंग के बाद सीधा बाजार में बेचा जाएगा। जिससे स्थानीय किसानों की उपज को भी सही दाम और बाजार मिल सकेगा।
एमएसएमई प्रोत्साहन योजना का मिलेगा लाभ।
निरीक्षण के दौरान बताया कि यह नया उद्योग क्षेत्र में स्थानीय स्तर पर प्रसंस्करण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। इस स्थापित इकाई के अंतर्गत शासन की एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम) प्रोत्साहन योजना का लाभ लिया जाएगा, जिससे इकाई को वित्तीय व तकनीकी संबल प्राप्त होगा।
कलेक्टर श्री वर्मा ने अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश।
निरीक्षण के समय कलेक्टर श्री वर्मा ने इकाई के संचालन, गुणवत्ता मानकों और सुरक्षा उपायों का जायजा लिया। उन्होंने उद्यमियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि स्थानीय स्तर पर इस तरह के आधुनिक उद्योगों की स्थापना से न केवल ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होती है, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी उत्पन्न होते हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को उद्योग से जुड़े आवश्यक शासकीय सहयोग एवं प्रक्रियात्मक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए।
