न्यूज़ चाचा का धमाका
जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी
समाचार
'मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026': खनियाधाना में जनसंवाद शिविर आयोजित; पात्र हितग्राहियों को मौके पर मिली योजनाओं की सौगात
संभागायुक्त श्री खत्री और कलेक्टर श्री वर्मा की उपस्थिति में आयोजित हुआ शिविर
शिवपुरी, 14 अगस्त 2026 / राज्य शासन द्वारा आमजन को जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुँचाने एवं उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित निराकरण करने के उद्देश्य से 'मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026' का आयोजन 07 अगस्त 2026 से 08 जनवरी 2027 तक किया जा रहा है। इसी क्रम में आज शुक्रवार की खनियाधाना नगर परिषद में अंबेडकर भवन परिसर में ग्वालियर संभागायुक्त श्री मनोज खत्री की मौजूदगी में एवं कलेक्टर व जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देशन में जनसंवाद शिविर का सफल आयोजन किया गया।
जनसमस्याओं का मौके पर ही त्वरित समाधान।
जनसंवाद शिविर का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित निराकरण करना और शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुँचाना रहा। संभागायुक्त श्री खत्री एवं कलेक्टर श्री वर्मा ने स्वयं एक-एक कर नागरिकों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया। शेष आवेदनों के समयबद्ध निराकरण हेतु संबंधित विभागीय अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए।
कलेक्टर श्री वर्मा द्वारा कार्यालय नगर परिषद का औचक निरीक्षण*
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने कार्यालय नगर परिषद खनियाधाना का सघन औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निकाय की कार्यप्रणाली, नागरिक सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था तथा विभागीय अभिलेखों का जायजा लिया। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को आमजन से जुड़े कार्यों व योजनाओं के क्रियान्वयन में गति लाने तथा समयबद्ध व पारदर्शी सेवाएँ प्रदान करने के सख्त निर्देश दिए।
अमृत हरित अभियान 2.0: पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली बढ़ाने का संकल्प।
विकासखंड खनियाधाना के अंबेडकर भवन नगर परिषद परिसर में संभागायुक्त श्री मनोज खत्री, कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया द्वारा पौधारोपण किया गया। इस अवसर पर अधिकारियों ने उपस्थित नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण का महत्व बताते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और रोपण के पश्चात उनके पोषण का आह्वान किया। 'अमृत हरित अभियान 2.0' के तहत सार्वजनिक परिसरों और शासकीय संस्थानों को हरित-आच्छादित करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल रही।
अधिकारियों को फील्ड में जाने के निर्देश।
संभागायुक्त श्री मनोज खत्री ने अधिकारियों को फील्ड में जाकर निरीक्षण करने के निर्देश दिए। आम नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित कर शासकीय योजनाओं की ज़मीनी स्थिति का जायजा भी लिया गया।
पात्र हितग्राहियों को मौके पर मिली योजनाओं की सौगात।
शिविर स्थल पर विभागों द्वारा नागरिकों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम के दौरान संबल योजना, आयुष्मान भारत, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पीएम स्वनिधि, लाड़ली लक्ष्मी योजना तथा कृषि एवं राजस्व विभाग की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को हितलाभ प्रमाण पत्र एवं वित्तीय सहायता राशि का वितरण किया गया।
विशेष रूप से पीएम स्वनिधि योजना के तहत आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देते हुए सुनील सेन एवं रिंकू खटीक को ₹50-50 हजार, संकेत नामदेव एवं राजू केवट को ₹25-25 हजार तथा प्रीतम कोली, दयाराम पाल, अजय साहू, रश्मि केवट, शोभा कोली, रामवती पाल, तोहिद खान, दीपक साहू, अंशुमन खरे एवं लीला बाई झा सहित अन्य हितग्राहियों को ₹15-15 हजार की स्वीकृत ऋण राशि के हितलाभ पत्र सौंपे गए।
लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत वितरित किए प्रमाण पत्र*
लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत बालिका रियांसी रजक (उम्र 2 माह माता कीर्ति रजक, पिता अनिल रजक निवासी खनियांधाना वार्ड 5 को लाडली लक्ष्मी योजना 2.0 के अंतर्गत 1,43,हजार रुपए की राशि का आश्वासन प्रमाणपत्र दिया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया, जिला पंचायत सीईओ श्री विजयराज, पिछोर एसडीएम श्रीमती ममता शाक्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
