न्यूज़ चाचा का धमाका
जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी
समाचार
दिनारा क्षेत्र में लंपी रोग फैलने की चिंता, गौ सेवक कल्लू महाराज ने चलाया “गौ माता बचाओ” अभियान।
पशु विभाग से गांव-गांव पहुंचकर उपचार एवं जागरूकता अभियान चलाने की मांग, बीमार बछिया का किया उपचार।
दिनारा। क्षेत्र में गोवंश के बीच लंपी रोग के तेजी से फैलने की आशंका को लेकर गौ सेवकों ने चिंता व्यक्त की है। गौ सेवा समिति के जिला अध्यक्ष एवं गौ सेवक कल्लू महाराज ने पशुपालन विभाग से शिवपुरी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर बीमार गोवंश के उपचार और बचाव की व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
कल्लू महाराज ने कहा कि शिवपुरी जिले की शिवपुरी, पिछोर, करेरा, कोलारस और पोहरी विधानसभा क्षेत्रों में गोवंश के स्वास्थ्य को लेकर विशेष सतर्कता की आवश्यकता है। उन्होंने मांग की कि पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारी एवं चिकित्सक गांव-गांव पहुंचकर बीमार पशुओं की जांच करें तथा समय पर उपचार उपलब्ध कराएं।
उन्होंने कहा कि “अभियान चलाओ, गौ माता बचाओ” के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर पशु स्वास्थ्य शिविर, उपचार अभियान और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए, ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके और गोवंश की समय रहते रक्षा हो सके।
गौ सेवक कल्लू महाराज ने पशु अस्पतालों में आवश्यक एवं गुणवत्तापूर्ण दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की भी मांग की। साथ ही उन्होंने भविष्य में आधुनिक पशु चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर देते हुए बेहतर अस्पताल, जांच उपकरण, एक्स-रे जैसी सुविधाएं तथा गंभीर रूप से घायल पशुओं के उपचार के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की बात कही।
इस दौरान गौ सेवक कल्लू महाराज ने एक बीमार बछिया का उपचार कर उसकी सेवा की और लोगों से अपील की कि बीमार गोवंश दिखाई देने पर तुरंत पशु चिकित्सा विभाग अथवा नजदीकी पशु चिकित्सक को सूचना दें।
गौ सेवा समिति के सदस्यों दीपक तिवारी, आनंद शर्मा, जितेंद्र लोधी, मुकेश पाल, छोटू पाल एवं रोहित लोधी ने भी गोवंश की सेवा और उपचार अभियान में सहयोग किया।
गौ सेवकों ने प्रशासन एवं पशुपालन विभाग से अपील की है कि स्थिति का सर्वे कर आवश्यक चिकित्सा व्यवस्था और जागरूकता अभियान शीघ्र शुरू किया जाए, ताकि गोवंश को समय पर उपचार मिल सके।
