न्यूज़ चाचा का धमाका
जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी
समाचार
मध्य प्रदेश में शिक्षकों की नई भर्ती को लेकर बड़ी खबर सामने आई है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्कूल शिक्षा विभाग को भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी तेज करने के निर्देश दिए हैं।
विभाग मार्च 2027 तक सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों के पदों की जानकारी जुटा रहा है। इसके साथ ही प्रमोशन और रिटायरमेंट से खाली होने वाले पदों को जोड़कर नई भर्ती का प्रस्ताव तैयार किया जाएगा।
फिलहाल करीब 10 हजार शिक्षकों की भर्ती होने की संभावना जताई जा रही है,
हालांकि अंतिम संख्या रिक्त पदों की गणना पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
मुख्यमंत्री ने समीक्षा बैठक में अधिकारियों से पूछा कि शिक्षकों के प्रमोशन की प्रक्रिया कब तक पूरी होगी और नई भर्ती कब शुरू की जाएगी।
लोक शिक्षण आयुक्त अभिषेक सिंह ने प्रदेशभर में शिक्षकों के रिक्त पदों की जानकारी जुटाने के निर्देश दिए हैं।
विभाग स्कूलों की मरम्मत और नए निर्माण की तैयारी भी कर रहा है।
प्रदेश में करीब 90 हजार स्कूल हैं, जिनमें लगभग 700 स्कूल पूरी तरह जर्जर बताए गए हैं।
करीब 3 हजार स्कूलों में अतिरिक्त कक्ष बनाए जाने की तैयारी है।
दूसरी ओर भोपाल के नीलम पार्क में शिक्षक भर्ती-2025 और रिक्त पद बढ़ाने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का प्रदर्शन जारी है।
वर्ग-2 माध्यमिक और वर्ग-3 प्राथमिक शिक्षक भर्ती में पद बढ़ाने की मांग लंबे समय से उठ रही है।
नई भर्ती की तैयारी से हजारों अभ्यर्थियों को रोजगार की उम्मीद जगी है, लेकिन सरकार ने अभी भर्ती में शामिल होने वाले पदों की अंतिम संख्या और आवेदन की तारीख घोषित नहीं की है। अंतिम निर्णय रिक्त पदों की गणना पूरी होने के बाद लिया जाएगा।
