न्यूज़ चाचा का धमाका
जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी
समाचार
यातायात पुलिस की बड़ी कार्रवाई: कोर्ट रोड सब्जी मंडी से हटाए गए हाथ ठेले, जाम से मिलेगी राहत।
शिवपुरी। शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और आए दिन लगने वाले जाम से आमजन को राहत दिलाने के लिए शुक्रवार को ट्रैफिक पुलिस ने सख्त रुख अपनाया। पुलिस टीम ने कोर्ट रोड स्थित सब्जी मंडी के आसपास सड़क पर बेतरतीब ढंग से खड़े होने वाले हाथ ठेलों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर उन्हें मौके से हटवाया।
दरअसल, कोर्ट रोड सब्जी मंडी में कई ठेले वाले अपने हाथ ठेले निर्धारित पार्किंग स्थल में ही खड़े कर लेते हैं। पार्किंग में ठेले खड़े हो जाने के कारण मंडी में सब्जी खरीदने आने वाले लोग अपने चार पहिया और दो पहिया वाहनों को सीधे मुख्य सड़क पर ही पार्क कर देते हैं। सड़क पर बेतरतीब वाहन खड़े होने से रास्ता संकरा हो जाता है, जिससे दिनभर यातायात बाधित रहता है और लोगों को भारी जाम की समस्या से जूझना पड़ता था।
यातायात पुलिस ने ठेला चालकों को सख्त हिदायत दी है कि वे पार्किंग स्थल में ठेले न लगाएं और सड़क पर यातायात में बाधा न उत्पन्न करें। पुलिस की इस कार्रवाई से कोर्ट रोड पर आवागमन सुचारू हुआ है और राहगीरों को राहत मिली है। ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि शहर में सुगम यातायात बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

