न्यूज़ चाचा का धमाका
जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी
समाचार
निर्धारित मानक और तकनीकी गुणवत्ता के अनुसार हो रहा है सिंध नदी पर निर्माणाधीन पुल एवं एप्रोच रोड का निर्माण।
विभाग ने दी वस्तुस्थिति की जानकारी और खबर का किया खंडन*
शिवपुरी, 25 अगस्त 2026/ जिले के दैनिक समाचार पत्र में प्रकाशित खबर ‘‘23.84 करोड़ की लागत से सिंध नदी पर बन रहे 510 मीटर लम्बे पुल और एप्रोच रोड की गुणवत्ता पर सवाल’’ शीर्षक से प्रकाशित खबर को लेकर म.प्र. ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण, परियोजना क्रियान्वयन इकाई शिवपुरी के महाप्रबंधक द्वारा वास्तविक स्थिति से अवगत कराया गया है।
म.प्र. ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण परियोजना क्रियान्वयन इकाई-शिवपुरी के महाप्रबंधक द्वारा कोलारस से रन्नौद मार्ग पर भड़ौता सिंध नदी पर स्वीकृत पुल निर्माण कार्य का स्वयं स्थल निरीक्षण कर गुणवत्ता का जायजा लिया गया।
उन्होंने बताया कि पुल पर एप्रोच सड़क का निर्माण कार्य वर्तमान में प्रगति पर है। एप्रोच मार्ग के निर्माण में सर्वप्रथम मिट्टी का बेस तैयार किया गया है, जिसके उपरांत जी.एस.बी. एवं डी.एल.सी. का कार्य संपादित किया गया। डी.एल.सी. का कॉम्पैक्शन पूरा होने के बाद ही नियमानुसार सी.सी. रोड का निर्माण किया जा रहा है।
एप्रोच मार्ग के निर्माण कार्य की जांच 22 अगस्त 2026 को स्टेट क्वालिटी मॉनीटर द्वारा भी की गई है, जिन्होंने अपनी रिपोर्ट में कार्य को संतोषप्रद श्रेणी प्रदान की है। उल्लेखनीय है कि पुल निर्माण कार्य की शुरुआत से लेकर अब तक 01 राष्ट्रीय गुणवत्ता निरीक्षक तथा 08 राज्य गुणवत्ता निरीक्षक द्वारा स्थल का निरीक्षण किया जा चुका है। एप्रोच रोड निर्माण के दौरान ही 02 राज्य गुणवत्ता निरीक्षकों द्वारा पृथक से जांच कर कार्य को मानक स्तर का पाया गया है।
सतत मॉनिटरिंग के तहत हो रहा है निर्माण।
विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि संबंधित पुल का निर्माण कार्य विभागीय एवं एस.क्यू.सी. के तकनीकी अमले की सीधी देखरेख में निर्धारित गुणवत्ता और मानक मापदंडों के अनुसार ही संचालित हो रहा है। इसके अतिरिक्त राज्य एवं केंद्र स्तर से समय-समय पर नियुक्त निरीक्षकों द्वारा भी निरंतर परीक्षण किया जाता है और विभाग द्वारा गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।