एग्रीस्टैक पंजीयन, पैक्स सदस्यता और अग्रिम उर्वरक उठाव के लिए 15 सितंबर तक चलेंगे ग्राम पंचायतवार शिविर।

न्यूज़ चाचा का धमाका 

जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी 


समाचार

एग्रीस्टैक पंजीयन, पैक्स सदस्यता और अग्रिम उर्वरक उठाव के लिए 15 सितंबर तक चलेंगे ग्राम पंचायतवार शिविर।

कलेक्टर श्री वर्मा ने दिए सुचारू संचालन के निर्देश, 27 अगस्त को जिले के विभिन्न ग्रामों में आयोजित होंगे कार्यक्रम।

किसानों की फार्मर आईडी, केसीसी सेचुरेशन और टोकन जनरेशन की प्रक्रिया को मिलेगा बढ़ावा।

शिवपुरी, 25 अगस्त 2026/ रबी वर्ष 2026-27 में उर्वरक के संतुलित एवं विवेकपूर्ण उपयोग को बढ़ावा देने तथा किसानों को उनकी फसल हेतु आवश्यक उर्वरक सुव्यवस्थित रूप से अग्रिम उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मध्य प्रदेश राज्य शासन द्वारा प्रदेशव्यापी एग्रीस्टैक पंजीयन, पैक्स सदस्यता एवं अग्रिम उर्वरक उठाव अभियान 20 अगस्त से 15 सितंबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा ने जिले के सभी विकासखंडों में ग्राम पंचायतवार कार्यक्रम अनुसार अभियान का सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित कराने हेतु संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं।

अभियान का मुख्य उद्देश्य और व्यवस्थाएं।

इस अभियान के माध्यम से ई-विकास प्रणाली के टोकन जनरेट करने सहित पोर्टल पर उपलब्ध सभी सुविधाओं को किसानों तक पहुंचाने, शत-प्रतिशत किसानों की फार्मर आईडी बनवाने, बकेटिंग के लंबित प्रकरणों का निराकरण करने, पैक्स में अधिकाधिक किसानों को सदस्य बनाने और केसीसी सेचुरेशन के लक्ष्य को पूरा किया जाएगा। अभियान को सुचारू रूप से चलाने के लिए राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, सहकारिता, किसान कल्याण तथा कृषि विकास और कृषि संबद्ध विभागों के अमले को शामिल कर संयुक्त टीमें गठित की गई हैं।

अधिकारियों को सौंपी गई  जिम्मेदारी।

अभियान के सफल संचालन हेतु प्रशासनिक अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय की गई हैं। अपने-अपने क्षेत्रों में समस्त अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) नोडल अधिकारी, समस्त तहसीलदार सहायक नोडल अधिकारी, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शिविर आयोजन प्रभारी तथा समस्त वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी सहायक प्रभारी के रूप में कार्य करेंगे। गठित टीम को दैनिक प्रगति की जानकारी निर्धारित प्रपत्र में उप संचालक, किसान कल्याण तथा कृषि विकास के माध्यम से भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

27 अगस्त को इन ग्रामों में आयोजित होंगे शिविर।

अभियान के अंतर्गत 27 अगस्त को जिले के विभिन्न विकासखंडों के चिन्हित ग्रामों में शिविर आयोजित किए जाएंगे। जिसमें विकासखंड शिवपुरी में ग्राम टोंका, विलोकलां, चंदनपुरा, दर्राैनी, ख्यावदाकलां, विकासखंड पोहरी में ग्राम देवरीकलां, ऐंचवाड़ा, फूलीपुरा, गोवारा, गोंदारी, जरियांकलां, जोराई, विकासखंड नरवर में ग्राम रामगढ़, सिलरा, सोन्हार, तालवेव, विकासखंड कोलारस में ग्राम अटारा, चिलावद, देहरवारा, गोहारी, मढ़ीखेड़ा, विकासखंड बदरवास में ग्राम झंडी, माढ़ा, रामगढ़, रिन्हाया, विनेका, विकासखंड करैरा में ग्राम टीला, निचरोली, कालीपहाड़ी, जुझाई, रहरगंवा, बड़ौरा, विकासखंड पिछोर में ग्राम उमरीकलां, उमनरीखुर्द, देवखेड़ा, गरेठा, रेवाई, जुंगीपुर, देवरीखुर्द, गोदिया, विकासखंड खनियांधाना में ग्राम पचराई, पहाड़ाखुर्द, पातीचक, पिपरोदालम, पिपरोदुवारी, तेरई में शिविर आयोजित किए जाएंगे।

जिला प्रशासन ने संबंधित क्षेत्रों के किसानों से अपील की है कि वे आयोजित शिविरों में उपस्थित होकर एग्रीस्टैक पंजीयन, केसीसी और अग्रिम खाद उठाव जैसी सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने