न्यूज चाचा का धमाका
जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी
समाचार
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियानः ग्राम पंचायत लुकवासा में जनसंवाद शिविर आयोजित; हितग्राहियों को मिली योजनाओं की सौगात।
शिवपुरी, 29 अगस्त 2026/ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने और उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित निराकरण करने के उद्देश्य से ‘‘मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026’’ के अंतर्गत आज ग्राम पंचायत लुकवासा में जनसंवाद शिविर का सफल आयोजन किया गया।
अधिकारियों को दिए गए त्वरित समस्या समाधान के निर्देश।
शिविर के दौरान उपस्थित अधिकारियों द्वारा आमजन की समस्याएँ सुनी गईं और कई मामलों में मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित किया गया। वहीं शेष समस्याओं के निराकरण हेतु संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवेदन सौंपते हुए समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए ताकि नागरिकों को चक्कर न लगाने पड़ें।
पात्र हितग्राहियों को मौके पर मिली योजनाओं की सौगात।
आयोजन स्थल पर विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर नागरिकों को योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। उद्योग विभाग द्वारा मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के प्रमाण पत्र सहित अन्य योजनाओं के प्रमाण पत्र सौंपे गए।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति।
इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री भरत सिंह चौहान, एसडीएम कोलारस श्री शिवदयाल धाकड़, श्री अमित यादव, सरपंच श्री हरिओम रघुवंशी, जिला उद्योग एवं व्यापार केन्द्र के महाप्रबंधक श्री अजय तिवारी, डीपीएम श्री अरविंद भार्गव, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
