केंद्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के तीन दिवसीय शिवपुरी प्रवास की तैयारियां तेज: कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने ककरवाया, शिवपुरी और पिछोर में किया कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण।

न्यूज़ चाचा का धमाका 

जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी 

समाचार 

केंद्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के तीन दिवसीय शिवपुरी प्रवास की तैयारियां तेज: कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने ककरवाया, शिवपुरी और पिछोर में किया कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण।


अधिकारियों को समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य, सुरक्षा और स्वच्छता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश।

शिवपुरी, 29 अगस्त 2026/ केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया 31 अगस्त से 2 सितंबर 2026 तक शिवपुरी जिले के तीन दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान केंद्रीय मंत्री शिवपुरी, कोलारस एवं पिछोर विधानसभा क्षेत्रों में विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण, भूमिपूजन, निरीक्षण तथा स्थानीय कार्यक्रमों में सहभागिता करेंगे। केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया के कार्यक्रम को लेकर कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थलों का विस्तृत जायजा लिया।

ककरवाया में प्रस्तावित पोस्टल प्रशिक्षण केंद्र स्थल का अवलोकन*

केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया के प्रवास के दौरान ग्राम ककरवाया में बनने वाले प्रस्तावित पोस्टल प्रशिक्षण केंद्र का भूमिपूजन होना है। कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने भूमिपूजन स्थल का सूक्ष्म निरीक्षण करते हुए मंच, पंडाल, सुरक्षा व्यवस्था, वीआईपी व सामान्य पार्किंग तथा मुख्य मार्ग से पहुंच मार्ग का जायजा लिया। इस दौरान शिवपुरी विधायक श्री देवेंद्र जैन और जिलाध्यक्ष श्री जसवंत जाटव सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

शिवपुरी प्रधान डाकघर, अमृत भारत रेलवे स्टेशन एवं पोहरी रेलवे ओवरब्रिज का निरीक्षण।

कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने शिवपुरी प्रधान डाकघर का विस्तृत निरीक्षण कर नागरिक सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डाकघर भवन का शीघ्र ही लोकार्पण किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने जीर्णोद्धार कार्यों का जायजा लेते हुए परिसर में स्वच्छता बनाए रखने तथा गमले व पौधे लगाकर सौंदर्यीकरण कार्यों को तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

इसी के साथ अमृत भारत योजना के तहत पुनर्विकसित हो रहे शिवपुरी रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को परखा। उन्होंने स्टेशन परिसर को स्वच्छ व आकर्षक बनाने के लिए नियमित सफाई, हरियाली बढ़ाने और जगह-जगह पौधे/गमले लगाने के निर्देश दिए।

तत्पश्चात, निर्माणाधीन पोहरी रेलवे ओवरब्रिज की प्रगति और निर्माण सामग्री का जायजा लिया गया। कलेक्टर श्री वर्मा ने कार्यदायी एजेंसी को निर्माण स्थल पर राहगीरों और वाहनों की सुरक्षा के लिए मजबूत बैरिकेडिंग व डायवर्जन मार्गों को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती गायत्री शर्मा, पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया, सहित जनप्रतिनिधि तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

पिछोर एवं खनियाधाना क्षेत्र में लोकार्पण व भूमिपूजन स्थलों का जायजा।

पिछोर एवं खनियाधाना क्षेत्र के कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने पिछोर विधायक श्री प्रीतम सिंह लोधी एवं जिलाध्यक्ष श्री जसवंत जाटव के साथ विभिन्न निर्माण स्थलों का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री द्वारा लोकार्पण किए जाने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अछरोनी (आयुष्मान आरोग्य मंदिर) की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। साथ ही उप तहसील बामौर कलाँ के नवनिर्मित भवन का अवलोकन कर पाई गई कमियों को तत्काल दुरुस्त करने और अवशेष कार्यों को तय समयसीमा में पूरा करने के कड़े निर्देश दिए गए। अंत में प्रशासनिक टीम ने विकासखंड खनियाधाना के ग्राम बूधोन राजापुरा में नवीन सड़क निर्माण के प्रस्तावित भूमिपूजन स्थल का जायजा लेकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री विजय राज, एसडीएम पिछोर श्रीमती ममता शाक्य सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने